bell-icon-header
मुंबई

Weather Update: आ गई गर्मी की बारी! महाराष्ट्र के 6 जिलों में पारा 37 के पार, मुंबई में भी तपन बढ़ी

Maharashtra Weather Update: अगले कुछ दिनों में ठाणे, अंबरनाथ, पनवेल आदि इलाकों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है।

मुंबईMar 20, 2024 / 03:56 pm

Dinesh Dubey

मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में गर्मी का सितम शुरू हो गया है। राज्य के कई हिस्सों में सूरज तपन इतनी बढ़ गई है कि लोग दोपहर में घरों से निकलने से बच रहे है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार तक मुंबई का तापमान और चढ़ने की संभावना है। शहर में पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मंगलवार को 24 घंटे में मुंबई का अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री बढ़ गया। कोंकण में उमस और गर्मी के कारण अधिक लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मुंबई में मंगलवार को कोलाबा मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और सांताक्रूज़ मौसम केंद्र में 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोलाबा में सोमवार की तुलना में 1.4 डिग्री सेल्सियस और सांताक्रूज में 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान दर्ज किया गया। मुंबई के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कोलाबा में आज न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और सांताक्रूज़ में 20.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। आने वाले दिनों में ठाणे, अंबरनाथ, पनवेल जैसे आंतरिक इलाकों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना है।
यह भी पढ़ें

Weather Update: मुंबई में गर्मी का सितम शुरू! इस हफ्ते तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान

वहीँ पुणे में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री रहा। मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग स्थानों पर न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री के बीच है। लेकिन अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है. मंगलवार को जलगांव में अधिकतम तापमान 36.7, नासिक में 35.5, जेउर में 37.5, कोल्हापुर में 36.1, सांगली में 37.2, सोलापुर में 38.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मराठवाडा में भी भीषण गर्मी शुरू हो गई है। परभणी में 37.7 डिग्री सेल्सियस, उदगीर में 36 डिग्री सेल्सियस, नांदेड और बीड में 36.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। मराठवाडा में न्यूनतम तापमान 20 से ऊपर है।
विदर्भ में अकोला में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस, वाशिम में 38.6 डिग्री सेल्सियस और यवतमाल में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विदर्भ में तीन से चार केंद्रों पर अधिकतम तापमान औसत से नीचे दर्ज किया गया। दरअसल यहां मंगलवार को बारिश हुई थी। इससे पारा गिरने से गर्मी से राहत मिली।
चंद्रपुर में 8 मिमी, नागपुर में 7 मिमी बारिश हुई। मराठवाडा के अमरावती और विदर्भ में चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर में आज अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में बारिश की कोई संभावना नहीं है।

Hindi News / Mumbai / Weather Update: आ गई गर्मी की बारी! महाराष्ट्र के 6 जिलों में पारा 37 के पार, मुंबई में भी तपन बढ़ी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.