bell-icon-header
मुंबई

कोरोना ने बढ़ाई टेंशन! महाराष्ट्र में एक ही दिन में मिले JN.1 के 9 मरीज, कृषि मंत्री भी संक्रमित

Maharashtra Coronavirus Update: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट जेएन.1 का पहला मरीज सिंधुदुर्ग जिले में मिला था।

मुंबईDec 24, 2023 / 08:53 pm

Dinesh Dubey

महाराष्ट्र के कृषि मंत्री धनंजय मुंडे कोरोना संक्रमित

Dhananjay Munde COVID Positive: देशभर में कोरोना वायरस महामारी एक बार फिर पांव पसार रहा है। कोरोना का नया सब-वेरिएंट जेएन-1 पूरे देश में फैलना शुरू हो गया है। महाराष्ट्र में भी इसके मामले बढ़ रहे है। जिसके चलते केंद्र सरकार और राज्य सरकार अलर्ट मोड पर है। इस बीच, महाराष्ट्र के कृषि मंत्री धनंजय मुंडे कोरोना वायरस से संक्रमित हो गये हैं। मुंडे ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। दो दिन पहले उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट जेएन.1 का पहला मरीज सिंधुदुर्ग जिले में मिला था। इसके बाद रविवार को राज्य में जेएन.1 के नौ और मरीज सामने आए। ठाणे नगरपालिका सीमा में पांच, पुणे नगरपालिका सीमा में दो, पुणे जिले और अकोला नगरपालिका सीमा में एक-एक मरीज मिला है। इसके चलते स्वास्थ्य महकमा अधिक सतर्क हो गया हैं।
यह भी पढ़ें

गोलीबारी से दहल उठी मुंबई! बदमाशों ने दिनदहाड़े की 16 राउंड फायरिंग, 1 की मौत, कई जख्मी

देश में JN.1 का पहला मामला केरल में पाया गया था। इसके बाद इस के कुछ मरीज़ गोवा में और एक मरीज़ महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में मिला। इस बीच, राज्य में एक साथ कोरोना के नए वेरिएंट के 9 मरीज मिलने से चिंता बढ़ गई हैं।

बच्चा भी JN.1 से संक्रमित

जानकारी के मुताबिक, इन मरीजों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। इनमें एक 9 साल का लड़का, एक 21 साल की महिला, एक 28 साल का पुरुष और अन्य मरीजों की उम्र 40 साल से अधिक है। पुणे में मिले सिर्फ एक मरीज ने विदेश यात्रा की है। हाल ही में वह अमेरिका से लौटा है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में मिले 9 जेएन1 मामलों में से आठ को कोविड वैक्सीन की दो डोज लगी हैं। सभी में हल्के लक्षण है और उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। उनकी हालत में सुधार हो रहा है।

धनजंय मुंडे हुए क्वारंटाइन (Dhananjay Munde COVID Positive)

राज्य के कृषि मंत्री धनंजय मुंडे फिलहाल पुणे के मॉडर्न कॉलोनी स्थित अपने घर में क्वारंटाइन हैं। उनका इलाज घर पर ही किया जा रहा है। एनसीपी (अजित पवार गुट) नेता मुंडे को पिछले कुछ दिनों से खांसी आ रही थी। जिसके बाद उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल वह पुणे स्थित अपने घर पर डॉक्टरों की देखरेख में है।

24 घंटे में 50 मरीज मिले

महाराष्ट्र में रविवार को 50 नए कोरोना संक्रमित मिले. राज्य में कोरोना मृत्यु दर 1.81 फीसदी है। आज राज्य भर में कुल 3 हजार 639 लोगों की कोविड जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग ने जेएन-1 को बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। अब तक जेएन-1 के सबसे ज्यादा पांच मरीज ठाणे में मिले हैं।

Hindi News / Mumbai / कोरोना ने बढ़ाई टेंशन! महाराष्ट्र में एक ही दिन में मिले JN.1 के 9 मरीज, कृषि मंत्री भी संक्रमित

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.