bell-icon-header
मुंबई

Monsoon Update : मुंबई में कल से होगी गरज-चमक के साथ बारिश, वीकेंड पर आ सकता है मॉनसून, जानें बड़ी अपडेट

Maharashtra Monsoon Update : मौसम विज्ञानियों ने मुंबई में प्री-मॉनसून बारिश का जोर गुरुवार से बढ़ने का अनुमान जताया है। जबकि वीकेंड के आसपास शहर में मॉनसून आने की संभावना है।

मुंबईJun 05, 2024 / 09:32 pm

Dinesh Dubey

Monsoon 2024 Arrival Mumbai Rains : मुंबई में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। शहरवासी राहत पाने के लिए मॉनसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। नई भविष्यवाणी के मुताबिक, मॉनसून 2024 गुरुवार को महाराष्ट्र के तल कोंकण हिस्से में दस्तक दे सकता है। वहीँ, गुरुवार से मुंबई के अधिकांश हिस्सों में बारिश का जोर बढ़ेगा और वीकेंड से मध्यम से भारी बारिश शुरू हो जाएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण पश्चिम मॉनसून अगले 2-3 दिनों में मध्य अरब सागर, कर्नाटक, दक्षिण महाराष्ट्र और गोवा की ओर बढ़ेगा। अगर मॉनसून की रफ्तार बनी रही तो मुंबई में मॉनसून की शुरुआत 9-10 जून के करीब होने की संभावना है।

वीकेंड पर होगी मूसलाधार बारिश!

मौसम विभाग ने कोंकण, गोवा में 8 और 9 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी (64.5-115.5 मिलीमीटर) से लेकर बहुत भारी बारिश (115.5-204.4 मिमी) होने की संभावना जताई है। वहीँ, मध्य महाराष्ट्र में 9 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

मुंबई में 6 जून से गरज के साथ बारिश होने के आसार- IMD

मुंबई के कई इलाकों में बुधवार सुबह प्री-मॉनसून बारिश हुई। जिससे लोगों को कुछ देर के लिए भीषण गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली। मुंबई के कुछ हिस्सों में सुबह करीब सात बजे से हल्की बारिश शुरू हो गई।
बीएमसी के मुताबिक, शहर के दादर, कांदिवली, मगथाने, ओशिवरा, वडाला, घाटकोपर आदि इलाकों में सुबह 7 से 8 बजे के बीच 4 मिमी से 26 मिमी के बीच बारिश हुई। मध्य और दक्षिण मुंबई के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश हुई।
मुंबई में मॉनसून आमतौर पर जून के दूसरे सप्ताह में आता है। पिछले महीने मुंबई में आंधी के साथ बेमौसम बारिश हुई थी, जिससे घाटकोपर इलाके में एक होर्डिंग गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों लोग गंभीर जख्मी हुए थे।   

Hindi News / Mumbai / Monsoon Update : मुंबई में कल से होगी गरज-चमक के साथ बारिश, वीकेंड पर आ सकता है मॉनसून, जानें बड़ी अपडेट

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.