आईएमडी ने ठाणे जिले के लिए रविवार-सोमवार को येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि पड़ोसी पालघर जिले में भी तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने शहर में आज हलकी से मध्यम बारिश और अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ छींटे पड़ने की भविष्यवाणी की है।
मुंबई में मंगलवार तक दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान हैं। मुंबई शहर की बात करें तो अगले 48 घंटों के दौरान खासकर शाम या रात के समय हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
पुणे में जोरदार बारिश
पुणे, महाबलेश्वर में झमाझम बारिश हो रही है। 24 घंटों में (आज सुबह 8 बजे तक) पुणे में तेज आंधी के साथ माध्यम बारिश हुई। पुणे के तलेगांव में सबसे ज्यादा 60.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद हडपसर इलाके में 52 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने पुणे में 48 घंटे में तेज हवा के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। साथ ही ओले पड़ने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीँ, सतारा जिले के महाबलेश्वर में 24 घंटे में 48 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
गर्मी से मिली राहत
महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में बारिश के चलते अगले कुछ दिनों तक तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट होगी। फ़िलहाल राज्य में लू की कोई चेतावनी नहीं है। आज राज्य में सबसे कम तापमान पुणे में 19.8 डिग्री सेल्सियस (न्यूनतम) दर्ज हुआ है।