bell-icon-header
मुंबई

अशोक चव्हाण के इस्तीफे से कांग्रेस में खलबली, 2 दिन में महाराष्ट्र में होगा बड़ा सियासी धमाका!

Ashok Chavan Resigns: अशोक चव्हाण ने कहा, मैंने किसी भी पार्टी में शामिल होने का फैसला अभी तक नहीं किया है।

मुंबईFeb 12, 2024 / 07:00 pm

Dinesh Dubey

कांग्रेस को अभी और झटका देंगे अशोक चव्हाण?

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने पार्टी और विधायक के पद से सोमवार को इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मच गई है। खबर है कि कुछ दिनों में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण समेत 10 से 15 कांग्रेस विधायकों का समूह टूटकर बीजेपी के साथ जा सकता है। इससे कांग्रेस में खलबली मच गई है।
दशकों से कांग्रेस को मजबूत करने वाले अशोक चव्हाण ने आज दोपहर अचानक से पार्टी को अलविदा कह दिया। हालांकि, 65 वर्षीय चव्हाण ने अपने अगले राजनीतिक रुख का खुलासा नहीं किया है। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह बीजेपी जॉइन करने वाले है, तो चव्हाण ने कहा, “मैं 48 घंटे में सब बताऊंगा…”
यह भी पढ़ें

‘कांग्रेस के कई नेता संपर्क में, आगे आगे देखिए होता है क्या’, फडणवीस ने किया बड़ा दावा

कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद मुंबई में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए अशोक चव्हाण ने कहा, “मैंने आज कांग्रेस पार्टी के विधायक पद का इस्तीफा स्पीकर से मिलकर उन्हें सौंप दिया है…मैंने कांग्रेस कार्य समिति और कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। मैंने अब तक किसी भी पार्टी में शामिल होने का फैसला नहीं लिया है। दो दिन बाद मैं अपनी राजनीतिक भूमिका स्पष्ट करूंगा… कल तक मैं कांग्रेस प्रदेश की मीटिंग में मौजूद था… मैंने कांग्रेस के किसी भी विधायक से बात नहीं की है।”
इन सभी घटनाक्रमों पर महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी का पक्ष रखा।

पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा, “हमारे वरिष्ठ सहयोगी अशोक चव्हाण ने पार्टी और विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। यह पीड़ादायक निर्णय है। इस बात की चर्चा काफी समय से हो रही थी। हमने नहीं सोचा था कि वह यह फैसला लेंगे। उन्हें दो बार सीएम बनाया गया। क्या गलत हुआ, वह किससे परेशान थे – इस बारे में वही बताएंगे। ये बहुत दुखद है। कांग्रेस विधायक दल के सभी सदस्य एक साथ हैं। बीजेपी नेता अफवाह फैला रहे हैं कि कुछ लोग उनके संपर्क में हैं।”
इस बीच, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले दिल्ली आलाकमान को मौजूदा हालात से अवगत कराने गए। अशोक चव्हाण के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) नेता बालासाहेब थोराट ने पृथ्वीराज चव्हाण से मुलाकात की।
रिपोर्ट्स की मानें तो अशोक चव्हाण के इस्तीफे के चलते अगले दो दिनों में कुछ बड़ा राजनीतिक बदलाव हो सकता है। इन अटकलों के बीच देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “बीजेपी के साथ अलग-अलग पार्टियों के कई बड़े नेता आना चाहते हैं। विशेष रूप से कांग्रेस के कई नेता हमारे संपर्क में हैं…वे अपनी पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं…हमारे संपर्क में कौन-कौन हैं, इसका जल्द ही खुलासा किया जाएगा। आगे-आगे देखिए होता है क्या।”
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में 15 फरवरी को अशोक चव्हाण के बीजेपी में शामिल होने की संभावना है। चर्चा है कि चव्हाण के साथ उनके समर्थक कांग्रेस के कई विधायक व नेता भी पाला बदल सकते है। मराठवाडा के तीन विधायकों के चव्हाण के साथ जाने की चर्चा है।
भोकर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अशोक चव्हाण मराठावाडा क्षेत्र में नांदेड क्षेत्र से आते हैं। उनके पिता दिवंगत शंकरराव चव्हाण भी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे। अशोक चव्हाण को 2010 में मुंबई के आदर्श आवासीय घोटाले में शामिल होने के आरोपों के चलते मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। वह 2014-19 तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी थे।

Hindi News / Mumbai / अशोक चव्हाण के इस्तीफे से कांग्रेस में खलबली, 2 दिन में महाराष्ट्र में होगा बड़ा सियासी धमाका!

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.