
File Photo
मुंबई से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां देश के टॉप स्कूलों में शुमार एक प्रतिष्ठित संस्थान की महिला शिक्षक को 16 वर्षीय छात्र के साथ बलात्कार के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दादर पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एक महिला टीचर को पॉस्को एक्ट (POCSO) के तहत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला टीचर पर आरोप है कि उसने 16 वर्षीय छात्र को उसके साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि आरोपी टीचर की मदद करने वाली एक टीचर फरार है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़ित नाबालिग छात्र का यौन उत्पीड़न पिछले एक साल से अधिक समय तक लगातार किया जा रहा था। आरोपी शिक्षिका उसे दक्षिण मुंबई के कई फाइव स्टार होटलों में ले जाकर शारीरिक शोषण करती थी। हैरान करने वाली बात यह है कि वह नाबालिग छात्र को एंटी डिप्रेशन की दवाएं भी देती थी, ताकि वह मानसिक रूप से टूट जाए और किसी से कुछ कह न सके।
पीड़ित छात्र ने अपनी दर्दनाक सच्चाई तब उजागर की, जब उसने अपनी बारहवीं (HSC) परीक्षा पूरी कर ली। उसने अपने माता-पिता को बताया कि किस तरह शिक्षिका ने बार-बार उसका शोषण किया। आरोप है कि वह अपने नौकर के जरिए छात्र से मिलने का संदेश भिजवाती थी। इस प्रताड़ना से तंग आकर छात्र बुरी तरह डर गया और अंततः उसने अपने माता-पिता को पूरी आपबीती बता दी।
छात्र की आपबीती सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए, हालांकि उन्होंने बिना देर किए दादर पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने शिकायत दर्ज करते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी महिला शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस मामले में और भी छात्र पीड़ित तो नहीं हैं।
गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाली इस घटना ने शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया है। यह मामला समाज के भरोसे को भी गहरी चोट पहुंचाता है। हर कोई इस मामले में कड़ी सजा की मांग कर रहा है।
बीड जिले में 17 वर्षीय छात्रा से छेड़खानी और यौन उत्पीड़न के आरोप में कोचिंग सेंटर के दो पुरुष शिक्षकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़ित लड़की ने शिवाजीनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार पीड़िता का 30 जुलाई 2024 से 25 मई 2025 के बीच कई बार उत्पीड़न किया गया। दोनों शिक्षक उसे कोचिंग सेंटर के ऑफिस में बुलाते थे और उसे कपड़े उतारने के लिए मजबूर करते थे। फिर लड़की की अश्लील तस्वीरें खींचकर उसके साथ अश्लील हरकत करते थे। दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
Updated on:
2 Jul 2025, 12:25 PM IST
Published on:
2 Jul 2025, 11:28 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.