bell-icon-header
मुंबई

गुजरात से अयोध्या जा रही आस्था स्पेशल ट्रेन पर पथराव, GRP ने दर्ज किया केस

Maharashtra News: ट्रेन के रुकते ही अचानक पथराव शुरू हो गया, जिससे यात्रियों में दहशत फ़ैल गयी।

मुंबईFeb 12, 2024 / 11:41 am

Dinesh Dubey

महाराष्ट्र में अयोध्या आस्था स्पेशल ट्रेन पर पथराव

Stone Pelting on Aastha Special Train: महाराष्ट्र में अयोध्या धाम जा रही आस्था स्पेशल ट्रेन पर पथराव की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुजरात के सूरत से अयोध्या जा रही आस्था स्पेशल ट्रेन को कुछ शरारती तत्वों ने निशाना बनाया। रविवार देर रात इस ट्रेन पर भारी पथराव किया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, आस्था स्पेशल ट्रेन रात करीब 8 बजे सूरत स्टेशन से अयोध्या के लिए रवाना हुई। रात करीब 10.45 बजे ट्रेन जैसे ही नंदुरबार पहुंची, अचानक पथराव शुरू हो गया। इस घटना से ट्रेन में सवार राम भक्तों में कुछ समय के लिए दहशत फ़ैल गई। उन्होंने तुरंत ट्रेन के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दीं। लेकिन फिर भी ट्रेन के अंदर कई पत्थर आ गए। गनीमत रही कि इस पथराव में कोई घायल नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें

‘जय श्री राम’ के जयकारों के बीच मुंबई से अयोध्या चली आस्था स्पेशल ट्रेन, देखें तस्वीरें


GRP ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने पर जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) और आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) के जवान मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक पथराव करने वाले फरार हो चुके थे। प्रारंभिक जांच के बाद रेलवे पुलिस ने ट्रेन को आगे रवाना किया। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।

1340 राम भक्त थे सवार

जीआरपी के मुताबिक, रविवार रात 8 बजे अयोध्या धाम के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन रवाना हुई। इस ट्रेन में कुल 1340 यात्री सवार थे। ट्रेन में यात्री खाना खाकर भजन कीर्तन कर रहे थे। इस बीच ट्रेन करीब पौने 11 बजे नंदुरबार पहुंची। यहां ट्रेन के रुकते ही अचानक पथराव शुरू हो गया।

आस्था स्पेशल ट्रेन पर पथराव क्यों?

अचानक हुई इस घटना से यात्री घबरा गए। यात्रियों ने बताया कि पत्थर कई दिशाओं से आ रहे थे। ऐसे लग रहा था कि कई लोग मिलकर पथराव कर रहे थे। हालांकि तुरंत दरवाजे और खिड़कियाँ बंद कर देने से कोई यात्री घायल नहीं हुआ। लेकिन कई पत्थर ट्रेन के अंदर आ गए। जीआरपी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि 5 फरवरी को मुंबई से पहली आस्था स्पेशल ट्रेन अयोध्या के लिए रवाना हुई। इस दौरान सीएसएमटी रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का सैलाब देखने को मिला। यह ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) स्टेशन से रवाना हुई थी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आस्था स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। 22 जनवरी को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद से देशभर से आस्था स्पेशल ट्रेन चलायी जा रही है।

Hindi News / Mumbai / गुजरात से अयोध्या जा रही आस्था स्पेशल ट्रेन पर पथराव, GRP ने दर्ज किया केस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.