bell-icon-header
मुरादाबाद

यूपी में सर्दी का जबरदस्त सितम, घने कोहरे का रेड अलर्ट, बारिश की चेतावनी

Winter In UP: उत्तर प्रदेश में सर्दी कहर ढाने लगी है। 6 डिग्री सेल्सियस के साथ नजीबाबाद प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। दोपहर 2 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। लखनऊ में कोहरे के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मुरादाबादDec 30, 2023 / 04:41 pm

Mohd Danish

Winter UP News: यूपी में लंबी प्रतीक्षा के बाद आई सर्दी ने अब सितम ढाना शुरू कर दिया है। राज्य के अधिकांश हिस्से कोहरे की चपेट में हैं। गलनभरी हवा ने लखनऊ समेत कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस तक गिरा दिया गया है। छह डिग्री सेल्सियस के साथ बिजनौर में नजीबाबाद यूपी का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने शनिवार की सुबह व रात में प्रदेश के कई जिलों में बहुत घना कोहरा छाया रहने का रेड अलर्ट जारी किया है।
बारिश की संभावना
पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को कोहरे की चादर ने ढक दिया है। खराब मौसम के चलते ही उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी का हेलीकॉप्टर मथुरा नहीं उतर सका। उन्हें आगरा से एक्सप्रेस वे के रास्ते मथुरा जाना पड़ा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक शनिवार तक पश्चिमी विक्षोभ आ जाएगा। हल्के बादल छाए रहेंगे। नए साल के पहले दिन हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
धूप ने नहीं दिए दर्शन
मुरादाबाद में शुक्रवार इस सीजन का पहला ऐसा दिन रहा, जब धूप के बिल्कुल दर्शन नहीं हुए। दिन के तापमान में और गिरावट के साथ कोल्ड डे के हालात बन गए। गुरुवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री रिकार्ड किया गया जो शुक्रवार 16.5 डिग्री पर आ गया। यह औसत से तीन डिग्री कम रहा। रात का तापमान 10 डिग्री रिकार्ड किया गया।
घना कोहरा छाया रहने का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार की सुबह व रात में प्रदेश के कई जिलों में बहुत घना कोहरा छाया रहने का रेड अलर्ट जारी किया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से जारी बुलेटिन के अनुसार वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, फरूखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, शाहजहांपुर, बदायूं और आसपास के इलाकों में बहुत घना कोहरा छाया रहने के आसार हैं।

Hindi News / Moradabad / यूपी में सर्दी का जबरदस्त सितम, घने कोहरे का रेड अलर्ट, बारिश की चेतावनी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.