bell-icon-header
विविध भारत

लोकसभा चुनाव में 97 हजार मतदाता डाल सकेंगे वोट, पांच साल में 7.2 करोड़ बढ़े

-निर्वाचन आयोग ने दी जानकारी-7.2 करोड़ बढ़े मतदाता, दो करोड़ से ज्यादा युवा वोटर्स -1,65,76654 लाख नाम हटाए गए, इनमें 225685 डुप्लीकेट मतदाता थे। -2.63 करोड़ युवा मतदाता जोड़े गए। इनमें महिला वोटर्स पुरुष वोटर्स से 15 फीसदी ज्यादा हैं।

Feb 10, 2024 / 01:02 am

pushpesh

देश में 1.85 करोड़ मतदाता 80 वर्ष से ज्यादा हैं।

नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव में इस बार 97 करोड़ मतदाता वोट डाल पाएंगे। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को एक जनवरी 2024 तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मतदाता सूची को लेकर जानकारी दी। आयोग के मुताबिक 2019 में देश में 89.6 करोड़ मतदाता थे, जो अब छह फीसदी की वृद्धि के साथ 96.8 करोड़ हो गए। खास बात यह है कि सूची में 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के करीब दो करोड़ से ज्यादा युवा मतदाता जुड़े हैं। आयोग के मुताबिक 17 साल से अधिक उम्र के 10.64 लाख युवाओं ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया। इनमें एक अप्रेल, एक अक्टूबर को 18 की उम्र पूरी करने वाले युवा शामिल हैं। आयोग अगले कुछ माह में इन आवेदनों का निस्तारण करेगा। पुणे में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण में पारदर्शिता बरती गई है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन क्षेत्रों के पुनरीक्षण में जम्मू-कश्मीर और असम भी शामिल हैं, जहां परिसीमन के जरिए नए निर्चाचन क्षेत्र बनाए गए हैं।
पुरुषों से 15 फीसदी ज्यादा महिलाएं
लोकतंत्र को आकार देने में महिलाओं की भूमिका बढ़ रही है। 2.63 करोड़ पंजीकृत युवा मतदाताओं में 1.41 करोड़ महिलाएं हैं, जबकि 1.22 करोड़ पुरुष हैं। अर्थात् पुरुषों के मुकाबले 15 फीसदी ज्यादा। राजीव कुमार ने बताया कि लैंगिक अनुपात में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जो 2019 में 940 की बजाय अब यह 948 हो गया है।
एक करोड़ 65 लाख से ज्यादा नाम हटे
चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार छंटनी में 1,65,76654 मृतकों, किसी अन्यत्र शिफ्ट हो चुके और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाए हैं। इनमें 82642 मृतक, 75 लाख 11 हजार 128 अन्यत्र जाने वाले और 225685 डुप्लीकेट मतदाता थे।
किस वर्ग के कितने मतदाता बढ़े
चुनाव आयोग के आंकड़ों को देखें तो 2019 से अब तक करीब 7.2 करोड़ मतदाता बढ़े हैं। इनमें पुरुष मतदाता 3.2 करोड़ बढ़े हैं, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या में 4 करोड़ की वृद्धि हुई है। इसी तरह 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाता 85 लाख बढ़ गए। यदि 18 से 29 आयु वर्ग को देखें तो करीब 2 करोड़ मतदाता जुड़े हैं। इसी तरह दिव्यांग मतदाता 42.71 लाख और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या में आठ हजार 361 की वृद्धि हुई है।

Hindi News / Miscellenous India / लोकसभा चुनाव में 97 हजार मतदाता डाल सकेंगे वोट, पांच साल में 7.2 करोड़ बढ़े

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.