scriptWeather News: पांच दिन में 5 डिग्री गिरा पारा,धुंध ने दी कोहरे की आहट, जानिये मौसम का हाल | Temperature reduced 5 degree | Patrika News

Weather News: पांच दिन में 5 डिग्री गिरा पारा,धुंध ने दी कोहरे की आहट, जानिये मौसम का हाल

locationमेरठPublished: Oct 07, 2020 02:08:15 pm

Submitted by:

Rahul Chauhan

Highlights
न्यूनतम तापमान भी हुआ 18 डिग्री
धूप में दिखी नरमी से मेरठवासियों को राहत
आने वाले दिनों में दिखेगी तेवरों वाली सर्दी

मेरठ। जिले में पल—पल मौसम बदल रहा है। सुबह जहां मेरठ के आसमान में धुंध छाई रही और सूरज के दर्शन काफी देरी से हुए। वहीं अधिकतम तापमान में भी पिछले पांच दिनों में पांच डिग्री की कमी दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान भी कम हुआ है। अक्टूबर के पहले दिन अधिकतम जो कि 37 डिग्री पर बना हुआ था। वह अब घटकर 32 पर आ चुका है। इसी तरह से न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान इन दिनों 18 पर पहुंच चुका है। जो कि 1 अक्टूबर को 23 और 24 डिग्री तक था।
सुबह वातावरण में छाई धुंध ने कोहरे की आहट दी है। धुंध के कारण सुबह भगवान भास्कर के दर्शन भी लोगों केा नहीं हो पाए। वहीं सुबह 6:30 तक अंधेरा छाया रहा। जिसके कारण स्ट्रीट लाइटें भी जलती रही। बता दे कि अब मेरठ में सर्दी की आहट तेजी से महसूस की जा रही है। जिसके कारण रात का पारा लगातार गिर रहा है। इसके कारण रात में हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। दिन की धूप में भी नरमी आई है। इस कारण लोग धूप का मजा लेने लग गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह में दिन व रात का पारा और नीचे जाने के आसार हैं। हवा का रुख बदलने लगा है। इसके कारण पांच रातों में 5 डिग्री तापमान गिर गया है।
हालांकि इस बार मेरठ और आसपास के इलाकों में बारिश की जैसी उम्मीद की जा रही थी वह नहीं हुई। लेकिन जिस तरह से पिछले दस दिन से मौसम बदलना शुरू हुआ है उससे तो लगता है कि इस बार सर्दी कड़ाके की पड़ेगी। अब धीरे-धीरे रात का पारा नीचे जा रहा है। इससे देर रात ठंड लगने लगी है। अब हवा का रुख भी बदल रहा है। उत्तर की ओर से आने वाली हवाएं ठंड बढ़ाएंगी।
मौसम विभाग ने साफ कर दिया है शहर का मौसम भले ही अभी ठंडा हो रहा है। लेकिन यह गुलाबी ठंड नहीं है। क्योंकि गुलाबी ठंड के साथ सर्दी के हेल्दी सीजन की शुरुआत ही नवंबर के पहले या दूसरे हफ्ते से होगी। तब गर्मी का अधिकतम पारा 30 से 32 डिग्री के बीच रहेगा।
अगले सप्ताह तेजी से बदलेगा मौसम। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो वर्तमान में देर रात ठंड का अहसास होने लगा है। दिन का अधिकतम पारा 32 डिग्री के आसपास बना हुआ है। रात का पारा 18 डिग्री पर है। आने वाले सप्ताह में दिन व रात के पारे में गिरावट आने के आसार हैं। इसके बाद ठंड दस्तक देने लगेगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो