bell-icon-header
मेरठ

एक साथ उठी 10 लाशें, कब्रिस्तान में जगह पड़ी कम, चारों ओर पसरा सन्नाटा

Meerut Building Collapse: मेरठ की जाकिर कॉलोनी में शनिवार को लगातार हो रही बारिश की वजह से एक मकान भरभराकर गिर गया था। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। रविवार को अंतिम यात्रा निकाली गई जिसमें हजारों की भीड़ उमड़ी।

मेरठSep 16, 2024 / 12:55 pm

Swati Tiwari

रविवार की सुबह का ये दिन इस परिवार के लिए सबसे मनहूस था। एक साथ उठे 10 जनाजों ने सबको झकझोर दिया। लोगों ने कंपकंपाते कंधों पर लाशें उठाई तो वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। खामोशी को चीरती महिलाओं की रूद्रन से शरीर में कंपन सी पैदा हो गई। जैसे- जैसे जनाजे दूर जा रहे थे महिलाओं का अपनों के लिए तड़पना और चीखना बढ़ता जा रहा था। लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर क्या कहकर उनका ढ़ाढ़स बंधाया जाए। आलम ये था कि कब्रिस्तान में 10 लाशों के लिए जगह कम पड़ गई। 

मकान गिरने से परिवार के दस लोगों की मौत 

जाकिर कॉलोनी में शनिवार शाम साढ़े चार बजे तीन मंजिला मकान गिरने से परिवार के दस लोगों की मौत हो गई थी। परिजनों को सांत्वना देने के लिए रविवार सुबह से ही लोग आने शुरू हो गए थे। आम लोगों के साथ राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां भी मौके पर पहुंची थीं। जिसने भी ये नजारा देखा उसने यही सोचा कि ऊपर वाला इतना निर्दयी कैसे हो सकता है। 

नम आंखों से दी विदाई

एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत से जाकिर कॉलोनी में कोहराम मचा गया। शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद दोपहर डेढ़ बजे तक सभी शव वापस जाकिर कॉलोनी लाए गए। यहां से शाम को दस शवों को दफनाने के लिए हापुड़ रोड ताला फैक्टरी हंडिया वाले कब्रिस्तान में ले जाया गया, रात 10 बजे तक दफनाने की प्रक्रिया चली। हादसे के चलते कॉलोनी की सभी दुकानें बंद रहीं। लोगों ने नम आंखों से विदाई दी। 

Hindi News / Meerut / एक साथ उठी 10 लाशें, कब्रिस्तान में जगह पड़ी कम, चारों ओर पसरा सन्नाटा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.