मंडला में खुलेगा नया आयुर्वेदिक कॉलेज
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कोरोना में तमाम दवाइयां बेकार हो गई थी। तब आयुर्वेद काम आया था। मैं यहां आया हूं तो मैं जानता हूं कि जड़ी-बूटियों का यहां कितना महत्व है। मैं मंडला में आयुर्वेदिक कॉलेज खोलने की घोषणा करता हूं। साथ ही यह मेडिकल कॉलेज भी होगा। यह बड़ी सौगात बड़े-बड़े शहरों को नसीब नहीं है। आने वाले समय में बहुत सारे काम यहां होंगे। मैं यहां वादा निभाने आया हूं। सीएम ने यहां रानी दुर्गावती की प्रतिमा का अनावरण किया।
कांग्रेस ने एमपी का कभी भला नहीं किया
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे यहां भगवान का नाम लेते हैं तो पहले माता का नाम आता है। सीताराम, लक्ष्मीनारायण, इसी तरह भगवान के नाम लिए जाते हैं। माताओं का आशीर्वाद हमारी संस्कृति में विशेष रूप से देखा जाता है। दुनिया में 200 से ज्यादा देश हैं, लेकिन भारत के सिवा कोई भी माता के रूप में नहीं पूजता। यह मातृ सत्ता को स्वीकारोक्ति है। डॉ. यादव ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश का कभी भला नहीं किया। कांग्रेस ने सिर्फ कुर्सी बचाने का काम किया है। रानी दुर्गावती ने दुनियाभर में भारत का मान बढ़ाया है। रानी अवंतीबाई ने भी आजादी के लिए बड़ी मिसाल कायम की है। भारत ने दुनिया में मानवता जीवित रखते हुए अपने देश को अखंड रखने का प्रयास किया है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक से फरवरी माह 2024 की सहायता राशि भेजी है। डॉ. यादव मंडला जिले के रानी दुर्गावती कॉलेज ने 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में 1,576 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की है।