4 प्रतिशत बढ़ गया टोल टैक्स
यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों को अब पहले से ज्यादा टोल टैक्स चुकाना होगा। टोल टैक्स में एकमुश्त 4 प्रतिशत का इजाफा कर दिया गया है। टोल बढ़ाने का फैसला यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की गुरुवार को 82वीं बैठक में लिया गया है। जानकारी सामने आई है कि नई दरें 1 अक्टूबर से लागू हो जाएंगी। ढाई साल बाद इस पर टोल टैक्स दरें बढ़ाई गई हैं। उस समय 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। यमुना प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह की मानें तो एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का किसानों को 64 प्रतिशत का मुआवजा नहीं दिया जा सका था। बढ़ाई गई दरों से मिलने वाली रकम से किसानों को उनका बचा हुआ मुआवजा भी दिया जाएगा। आपको बता दें कि किसानों के बकाया पैसे का मुद्दा लंबे समय से चला आ रहा है। यमुना सिटी को आधुनिक, स्मार्ट और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की योजना की जा रही है।