लखनऊ. यह एक अच्छी खबर है, रेल बजट के बाद आखिरकार राजधानी को एक नई ट्रेन का तोहफा मिल गया। लखनऊ से बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर अब और आसान हो जाएगा। पूवरेत्तर रेलवे 14 मार्च से लखनऊ जंक्शन से पाटलिपुत्र के लिए सप्ताह में तीन दिन सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन चलाएगा। गुरुवार देर रात इस नई ट्रेन को चलाने की नोटिफिकेशन भी जारी हो गई। नई ट्रेन 12530 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस लखनऊ जंक्शन से प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। ट्रेन जंक्शन से सुबह पांच बजे चलकर 5.28 बजे बादशाहनगर जंक्शन, 7.30 बजे गोंडा, 8.55 बजे बस्ती, 10 बजे गोरखपुर, 10.55 बजे देवरिया सदर, 11.38 बजे सीवान, 12.35 बजे छपरा, 1.20 बजे दीघवारा और दोपहर 2.30 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 12529 सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को पाटलिपुत्र से चलेगी। यह ट्रेन पाटलिपुत्र से दोपहर तीन बजे चलकर छपरा शाम 4.40 बजे, सीवान शाम 5.35 बजे, देवरिया सदर 8.28 बजे, गोरखपुर 7.10 बजे, बस्ती रात 8.26 बजे, गोंडा रात 9.28 बजे, बादशाहनगर रात 11.35 बजे और लखनऊ जंक्शन रात 12 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में स्लीपर की छह और जनरल क्लास की छह बोगियां होंगी।