bell-icon-header
लखनऊ

UP By-Election 2024: उपचुनाव में भाजपा की इन सीटों पर सेंध लगाएगी कांग्रेस, सपाइयों ने शुरू कीं तैयारियां

UP By Election 2024: यूपी में लोकसभा चुनाव में छह सीटें जीतने के बाद कांग्रेस अब विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की सीटों पर सेंध लगाने की तैयारी में है। इसके लिए कांग्रेस सपा के सा‌थ मिलकर रणनीति बनाने में जुटी है।

लखनऊJul 08, 2024 / 04:07 pm

Vishnu Bajpai

UP By-Election 2024: उपचुनाव में भाजपा की इन सीटों पर सेंध लगाएगी कांग्रेस, सपाइयों ने शुरू कीं तैयारियां

UP By Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में बेहतर प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपना संगठन मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में ही कांग्रेस यूपी की दस विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में अपना दमखम दिखाने को तैयार है। दरअसल, कांग्रेस को यूपी में साल 2019 के लोकसभा चुनाव में सिर्फ एक सीट मिली थी। साथ में कांग्रेस का वोटिंग प्रतिशत भी कम हो गया था। जबकि लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस ने सपा के साथ गठबंधन में अच्छा प्रदर्शन किया है। लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस ने यूपी में छह सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि सपा ने 33 सीटें जीती हैं।

लोकसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस और सपा में उत्साह

लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटें भी खाली हुई हैं। इन सीटों पर कभी भी उपचुनाव की घोषणा हो सकती है। कांग्रेस सूत्रों की मानें तो पार्टी लोकसभा चुनाव के बाद से ही विधानसभा उपचुनाव की तैयारी में जुट गई थी। इसके तहत जहां-जहां इंडिया गठबंधन की जीत हुई है। वहां-वहां पार्टी के नेता धन्यवाद कार्यक्रम कर रहे थे।
यह भी पढ़ें

राहुल गांधी के हिंदू धर्म वाले बयान को मिला शंकराचार्य का समर्थन!

इतना ही नहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी यूपी में दौरा कर संगठन मजबूत करने में जुटे हैं। सूत्रों की मानें तो यूपी की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी है। कांग्रेस उन सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, जिन पर भाजपा ने जीत हासिल की थी।

लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुईं ये सीटें

लोकसभा चुनाव में विधायकों के जीतने के बाद यूपी में विधानसभा की कुल 10 सीटें खाली हो गई हैं। इनमें फूलपुर, खैर, गाजियाबाद और मझवां विधानसभा सीटें भाजपा की हैं। जबकि रालोद ने मीरापुर विधायक चंदन चौहान को बिजनौर लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा था। इस वजह से यह सीट भी खाली हो गई।
यह भी पढ़ें

लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद मायावती ने संगठन में किए बड़े बदलाव, लखनऊ समेत 5 जिलों में बसपा की नई कमेटियां गठित

वहीं सपा विधायक इरफान सोलंकी को सजा होने के बाद विधानसभा की सदस्यता चली गई। इससे कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट भी खाली है। वहीं मिल्कीपुर, करहल, कटेहरी और कुंदरकी विधानसभा सीट सपा के पास थी। जो लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुई हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है 10 सीटों में कम से कम चार सीटों पर पार्टी की दावेदारी होगी।

Hindi News / Lucknow / UP By-Election 2024: उपचुनाव में भाजपा की इन सीटों पर सेंध लगाएगी कांग्रेस, सपाइयों ने शुरू कीं तैयारियां

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.