bell-icon-header
लखनऊ

दो हफ्ते में सौ सदस्य नहीं बना पाए 13 विधायक, सात एमएलए 50 पर अटके

BJP membership campaign 2024:भाजपा के सदस्यता अभियान में कुछ विधायकों का रिपोर्टकार्ड पार्टी के लिए चिंताजनक बना हुआ है। उत्तराखंड में बीजेपी के 13 विधायक ऐसे सामने आए हैं, जो दो हफ्ते में सौ सदस्य भी नहीं बना पाए हैं। सात विधायक 50 के आकड़े को भी पार नहीं कर पाए हैं। जल्द ही पार्टी स्तर पर इसकी समीक्षा होने वाली है।

लखनऊSep 21, 2024 / 11:06 am

Naveen Bhatt

उत्तराखंड में भाजपा का सदस्यता अभियान चल रहा है

BJP membership campaign 2024:भाजपा के सदस्यता अभियान में उत्तराखंड विधायकों का प्रदर्शन मायूसी दिखा रहा है। उत्तराखंड में सत्ताधारी भाजपा के पास 47 विधायक हैं। इनमें से किसी भी विधायक ने अभी तक 10 हजार का लक्ष्य छुआ तक नहीं है। राज्य में तीन ही विधायक ऐसे हैं जो पांच हजार सदस्य बनाने में कामयाब हो पाए हैं। हालांकि पार्टी के संगठन पर्व सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक कुलदीप कुमार का कहना है सदस्यता अभियान अक्तूबर तक चलना है। उनका मानना है कि सभी विधायक जल्द ही अपना लक्ष्य हासिल कर लेंगे। कुलदीप कुमार के मुताबिक बीजेपी ने 20 सितंबर तक करीब सात लाख सदस्य बना लिए हैं। पार्टी ने तीन सितंबर से राज्य में सदस्यता अभियान शुरू किया है। पहला चरण 25 सितंबर तक चलेगा। राज्य में 25 सितंबर के बाद सदस्यता अभियान की समीक्षा होगी।

सोशल मीडिया में सूची हो रही वायरल

इन दिनों सोशल मीडिया में बीजेपी विधायकों के बनाए गए सदस्यों की संख्या से संबंधित एक सूची खूब वायरल हो रही है। उस सूची के मुताबिक, 16 सितंबर तक सहसपुर के पार्टी विधायक सहदेव पुंडीर ने सर्वाधिक 6619, हरिद्वार के विधायक मदन कौशिक ने 6439 और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने 5645 सदस्य बनाए। उस तिथि तक पार्टी का कोई भी विधायक 2000 सदस्य संख्या का आंकड़ा नहीं छू पाया था।

स्पीकर ने बनाए 1973 सदस्य

सोशल मीडिया में वायरल सूची के अनुसार स्पीकर व कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी ने 1973 सदस्य बनाए थे। श्रीनगर गढ़वाल के विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह ने 1631 सदस्य बनाए। उनके बाद बीएचईएल रानीपुर के विधायक आदेश चौहान और कपकोट विधायक सुरेश भी 1000 सदस्य संख्या का आकंड़ा पार चुके हैं। उनके अलावा पार्टी के ज्यादातर सदस्य 1000 के आंकड़े से नीचे हैं।

13 विधायकों का स्कोर सौ से कम

भाजपा के 13 ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने 16 सितंबर तक 100 से भी कम सदस्य बनाए थे। इनमें सात विधायक तो ऐसे हैं जो नौ से 50 सदस्य संख्या के बीच ही अटके हुए हैं। दरअसल, बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में कुल प्राप्त वोटों में से 75 फीसद मतदाताओं को पार्टी का सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। पार्टी अभी सात लाख की संख्या तक ही पहुंची है।

Hindi News / Lucknow / दो हफ्ते में सौ सदस्य नहीं बना पाए 13 विधायक, सात एमएलए 50 पर अटके

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.