ललितपुर

हाई सिक्योरिटी जेल के लिए राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने किया भूमि निरीक्षण, बोले रक्षाबंधन पर खाली न रहे किसी भी कैदी की कलाई

ललितपुर में हाई सिक्योरिटी जेल बनाने की कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद कारागार एवं होमगार्ड विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति शुक्रवार को जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिला कारगार का निरीक्षण किया और बंदियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

ललितपुरAug 05, 2022 / 05:22 pm

Karishma Lalwani

जनपद में हाई सिक्योरिटी जेल बनाने की कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद कारागार एवं होमगार्ड विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति शुक्रवार को जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिला कारगार का निरीक्षण किया और बंदियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे ललितपुर पहुंचकर राज्यमंत्री ने डीएम व एसपी के साथ जिला कारगार जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद गांव बुढ़वार जाकर 2000 कैदियों के लिए हाई सिक्योरिटी जेल व 15000 कैदियों के लिए सामान्य जेल के लिए चिन्हित की गई जमीन का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश सरकार के श्रमसेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ मन्नुकोरी, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा डीएम आलोक सिंह एसपी निखिल पाठक साथ रहे।
रक्षाबंधन पर किसी भी कैदी की कलाई न रहे खाली

राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि जो अपराधी कई बार जेल जा चुके है, उनके साथ नरमी न बरती जाए। मगर जो पहली बार जेल आए हैं, उनके साथ नरमी बरती जाए। उनमें जेल और पुलिस के प्रति नफरत जागृत न हो। उन्होंने कहा कि हमारा यह उद्देश्य है कि रक्षाबंधन के मौके पर किसी भी कैदी की कलाई खाली न रहे। पहली कोशिश तो यह है कि सभी के परिजनों को बुलाकर उन्हें राखी बंधवाई जाएगी। लेकिन अगर किसी कैदी के परिजन नहीं आते हैं या फिर उनका कोई नहीं है, तो जो महिलाएं यहां में राखी लेकर आती हैं, वह उन कैदियों को राखी बांधेंगी। अगर इसके बाद भी कैदियों की कलाई खाली रहती है तो महिला मोर्चा की बहनें जेल में कैदियों को राखी बांधने आएंगे।
यह भी पढ़ें – सांसद पकौड़ी लाल कोल ले रहे किसान सम्मान निधि का लाभ, पत्नी और विधायक बेटा भी लाभार्थी

कैदियों के परिजनों से की मुलाकात

राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने 15 अगस्त को तिरंगा फहराने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। निरीक्षण के बाद मंत्री ने कुछ कैदियों के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने अपनी-अपनी समस्याएं मंत्री को बताईं। मंत्री ने सभी की समस्या का समय से निस्तारण किए जाने की बात कही।

Hindi News / Lalitpur / हाई सिक्योरिटी जेल के लिए राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने किया भूमि निरीक्षण, बोले रक्षाबंधन पर खाली न रहे किसी भी कैदी की कलाई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.