bell-icon-header
कोटा

मां – बेटी मरना चाहती थी, लेकिन वो भगवान बनकर आ गया

भैंसरोडगढ़ चंबल पुल से एक महिला ने आत्महत्या की नीयत से बेटी का हाथ पकड़ चंबल नदी में छलांग लगा दी। लेकिन कहावत है कि जाको राखे साइयां मार सके न कोय… एक मछुआरा उसी समय फरिश्ता बनकर नदी में कूद पड़ा और मां – बेटी की जान बचा ली।

कोटाOct 12, 2022 / 07:17 pm

Deepak Sharma

आर्थिक तंगी से परेशान महिला ने बेटी के साथ नदी में लगाई छलांग, जिसने देखा सिहर उठा

भैंसरोडगढ़ चंबल पुल से एक महिला ने आत्महत्या की नीयत से बेटी का हाथ पकड़ चंबल नदी में छलांग लगा दी। लेकिन कहावत है कि जाको राखे साइयां मार सके न कोय… एक मछुआरा उसी समय फरिश्ता बनकर नदी में कूद पड़ा और मां – बेटी की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार आरपीएस कॉलोनी में रहने वाली महिला अपनी 11वर्षीय पुत्री के साथ तड़के पांच बजे जयपुर से लौटी और चौराहा से ऑटो कर चंबल पुल भैंसरोडगढ़ पहुंच गई। पुल से दोनों ने छलांग लगा दी। नाव घाट पर अचानक हुए घटनाक्रम से शोर मच गया। इस बीच पास ही मौजूद मछुआरे ने दोनों को सुरक्षित निकाल लिया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। सूचना पर भैंसरोडगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला कौशल्या (43) पत्नी ईश्वर नागर और उसकी पुत्री को उप जिला अस्पताल लेकर आई, जहां दोनों का प्राथमिक उपचार किया। पुलिस उपाधीक्षक झाबरमल यादव भी अस्पताल पहुंचे और महिला और बच्ची से जानकारी ली।
पति गुजरात पुलिस में सिपाही
महिला ने बताया कि उसका पति गुजरात पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत है। पिछले चार -पांच महीने से महिला पति के संग गुजरात के गोधरा में थी। महिला की बड़ी बेटी जयपुर में बीबीए कर रही है। महिला जयपुर से लौटी और आत्महत्या करने का मन बना लिया। महिला के अनुसार बड़ी बेटी की फीस और रावतभाटा मकान का किराया नहीं होने का तकाजा बढ़ने से वह बहुत परेशान थी।
पिता तहसील कार्यालय से सेवानिवृत्त
महिला के पिता नंदराम तहसील रावतभाटा के रिटायर्ड कर्मचारी है और वह आरपीएस कॉलोनी में रहते है। पति से अनबन के चलते महिला भी रावतभाटा आकर रहने लगी। बड़ी बेटी की फीस और घर का किराया और घर खर्च नहीं मिलने से वह परेशान थी। चार- पांच माह पहले वह पति के पास चली गई। कुछ दिन पूर्व उसकी ननद के यहां कार्यक्रम था। पति ने बहन के यहां खर्चा किया, इस बात पर दोनों में खूब तकरार हुई। महिला वहां से बड़ी बेटी के पास जयपुर आ गई और वहां से बुधवार सुबह लौटी और चंबल पुल पहुंच कर छलांग लगा दी। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
महिला और उसकी बच्ची से बात की गई है। महिला डिप्रेशन में है, समझाइश की गई है। पति को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अच्छी बात है दोनों की जान बच गई।
झाबरमल यादव, पुलिस उपाधीक्षक, रावतभाटा

Hindi News / Kota / मां – बेटी मरना चाहती थी, लेकिन वो भगवान बनकर आ गया

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.