bell-icon-header
जोधपुर

Heatwave: जोधपुर में पारा 43 डिग्री, महसूस हो रहा 50 डिग्री

Weather Report : हीट इंडेक्स केलकुलेटर में उछाल मार रहा पारा, नमी अधिक होने से उमस निकाल रही पसीना

जोधपुरMay 31, 2024 / 08:12 pm

Gajendrasingh Dahiya

जोधपुर. एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन हटने के बाद थार प्रदेश में अरब सागर की नमी लगातार आ रही है, जिसके कारण उमस हो गई है। गर्म हवा के थपेड़े भले ही बंद हो गए हैं, लेकिन उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। शुक्रवार को जोधपुर में पारा 43 डिग्री था। दोपहर में हवा में 31 प्रतिशत नमी थी। लेकिन उमस के कारण यह इससे कहीं ज्यादा महसूस हो रही थी। हीट इंडेक्स केलकुलेटर ने तापमान व आर्द्रता की गणना के बाद दोपहर में हीट इंडेक्स 50.1 तक दिखाया।
यह नमी मानसून Monsoon के लौटने तक बनी रहेगी। बारिश के समय तापमान में कमी आने से जरूर उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। जोधपुर से मानसून सितम्बर के अंतिम दिनों में लौटता है, यानी अगले चार महीनों तक नमी के कारण उमस रह सहती है।

सुबह पारा 31.8 डिग्री

जोधपुर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 31.8 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह हवा में आपेक्षिक आर्द्रता 66 प्रतिशत दर्ज की गई। हीट इंडेक्स केलकुलेटर के अनुसार नमी अधिक होने से सुबह-सुबह ही 38 डिग्री तापमान का अहसास हो रहा था।

क्या होता है हीट इंडेक्स केलकुलेटर

हीट इंडेक्स केलकुलेटर तापमान और नमी के संबंध का मापन करके वास्तविक यानी फील लाइक तापमान बताता है। तापमान अधिक होने के साथ नमी अधिक होने से शरीर से काफी मात्रा में पसीना निकालता है। उदाहरण के तौर पर 90 प्रतिशत नमी के साथ 25 डिग्री तापमान है, तो हमें 26 प्रतिशत तापमान का ही अहसास होगा। इसी नमी पर यदि पारा 30 डिग्री है, तो हमें 41 डिग्री का अहसास होगा।

किस तापमान व किस नमी में कितना तापमान होगा महसूस

तापमान —— हवा में मौजूद आपेक्षिक आर्द्रता—- फील लाइक तापमान

20 डिग्री ———– 90 प्रतिशत ———– 20.4 डिग्री

25 डिग्री ———–90 प्रतिशत ———– 25.9 डिग्री

30 डिग्री ———– 90 प्रतिशत ———– 40.8 डिग्री
35 डिग्री ———– 90 प्रतिशत ———– 63.7 डिग्री

35 डिग्री ———– 50 प्रतिशत ———– 40.7 डिग्री

40 डिग्री ———– 50 प्रतिशत ———– 54.8 डिग्री

(नेशनल ओसिएनिक एण्ड एटमोस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन की वेबसाइट के हीड इंडेक्स केलकुलेटर के अनुसार)

एक्सपर्ट व्यू : वास्तविक महसूस हो रही गर्मी बताता है

हीट इंडेक्स केलकुलेटर वातावरण में मौजूद नमी और तापमान के अनुसार वास्तविक महसूस हो रही गर्मी बताता है। तापमान के साथ नमी अधिक होने पर शरीर पसीना तो निकालता है, लेकिन वाष्पीकरण दर कम हो जाने की वजह से पसीना शरीर से उड़ नहीं पाता है, जिससे शरीर काे ठंडा रखने की प्रक्रिया बाधित हो जाती है। अधिक समय तक ऐसी गर्मी के सम्पर्क में रहने से शरीर के अलग-अलग हिस्से विभिन्न तरीके से प्रभावित होते हैं।
– डॉ लक्ष्मण सिंह राठौड़, पूर्व महानिदेशक, भारतीय मौसम विभाग

Hindi News / Jodhpur / Heatwave: जोधपुर में पारा 43 डिग्री, महसूस हो रहा 50 डिग्री

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.