जोधपुर

Rain Update: एक घंटे तक झमाझम बारिश, करीब डेढ़ इंच पानी बरसा, शहर तरबतर

Jodhpur Rain एक लम्बे अरसे बाद एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश का शहर ने बाहें खोलकर स्वागत किया। शहर की सड़कों पर बाळे बहने लगे। घरों से पनाळे फूट पड़ी।

जोधपुरJun 27, 2024 / 08:49 pm

Kamlesh Sharma

जोधपुर। एक लम्बे अरसे बाद एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश का शहर ने बाहें खोलकर स्वागत किया। शहर की सड़कों पर बाळे बहने लगे। घरों से पनाळे फूट पड़ी। मौसम विभाग ने गुरुवार सुबह मानसून के बाड़मेर, जोधपुर ग्रामीण और पाली होते हुए जयपुर पहुंचने की घोषणा की थी। जोधपुर शहर के बॉर्डर पर पहुंचे मानसूनी बादल दोपहर होते होते जोधपुर शहर में प्रवेश कर गए और जमकर बरसे।
एक घंटे में ही करीब डेढ़ इंच बारिश हो गई। इतने दिनों से गर्मी और उमस से बेहाल शहरवासी आकाश में कम ऊंचाई पर उड़ रहे मानसूनी बादलों को देखकर झूमने लगे। मौसम विभाग शुक्रवार सुबह अपने बुलेटिन में जोधपुर में मानसून पहुंचने की आधिकारिक घोषणा कर सकता है।

दोपहर 3.45 से शाम 4.45 तक जमकर बारिश

जोधपुर में दोपहर 3.45 से लेकर शाम 4.45 बजे तक झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने शाम 5.30 बजे तक 33.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की। बारिश की गति इतनी तेज थी कि वाहन चालकों को हैडलाइट जलानी पड़ी। तेजी से घूम रहे कारों के वाइपर के बावजूद फ्रंट मिरर पर पानी का रैला चल रहा था।
यह भी पढ़ें

Monsoon News: राजस्थान के इन जिलों में मानसून छाया, यहां भारी बारिश का अलर्ट

सड़कों पर पानी भरा, ट्रैफिक जाम, वाहन चालक फंसे

शाम को एक घंटे में करीब डेढ़ इंच पानी बरसने से शहर के कई इलाकों में पानी इकठ्ठा हो गया, जिसमें दुपहिया वाहन चालक फंस गए। कइयों की गाडि़यां बंद हो गईं। कइयों को पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा।
दफ्तरों और कार्य स्थलों से घरों की ओर लौट रहे शहरवासी ट्रैफिम जाम में फंस गए।

रातानाडा अजीत कॉलोनी में शिक्षा विभाग के सामने से गुजर रही सड़क पर आधा किलोमीटर तक पानी भरा रहा। पुलिस लाइन ऑफिसर्स मैस से लेकर नेशनल हैंडलूम तक सड़क के एक तरफ पानी का रैला चल रहा था।
शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी दफ्तार में फंसे रहे। सड़क पर एक फुट की बैंच लगाकर बाहर निकलने की व्यवस्था की।

उम्मेद क्लब सर्कल, मेड़ती गेट रोड, पावटा चौराहा, सर्किट हाउस के सामने, मेडिकल कॉलेज चौराहा, एमडीएम अस्पताल जाने वाली रोड, नेहरू पार्क के पास, खतरनाक पुलिया, रिक्तियां भैरुजी पुलिया पर जल भराव हो गया।
रिक्तियां भैरुजी पुलिया में पानी भरने से वीर दुर्गादास ओवर ब्रिज पर जाम लग गया।

Hindi News / Jodhpur / Rain Update: एक घंटे तक झमाझम बारिश, करीब डेढ़ इंच पानी बरसा, शहर तरबतर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.