bell-icon-header
झांसी

मृत घोषित महिला जिंदा मिली! पति ने कराया अंतिम संस्कार, पुलिस हैरान

उरुवा बाजार इलाके में हत्या कर फेंके गए शव को पति ने पत्नी समझकर अंतिम संस्कार कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि मृत घोषित फूलमती झांसी में जिंदा मिली है। इस घटना ने पुलिस को भी हैरान कर दिया है।

झांसीJun 23, 2024 / 07:05 am

Ramnaresh Yadav

जिसे पत्नी का शव समझ कर दिया अंतिम संस्कार..वह झांसी में जिंदा मिली! हत्याकांड में नया मोड़, पुलिस परेशान

गोरखपुर केउरुवा बाजार इलाके में 19 जून को जिस अज्ञात महिला की हत्या कर शव फेंक दिया गया था, उसमें एक नया मोड़ सामने आया है। जिस महिला को पति ने पत्नी समझकर अंतिम संस्कार कर दिया था, वह जिंदा मिली है। इस घटना से पुलिस भी परेशान है। अब सवाल यह उठ रहा है कि असल में मारा गया कौन था? पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पहचान में हुई चूक, पति ने पत्नी समझा

19 जून की सुबह उरुवा बाजार इलाके के चचाई राम गांव के पास एक महिला का शव मिला था। शव की पहचान न होने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। इसी दौरान, गांव के रामसुमेर ने पुलिस को बताया कि यह शव उसकी पत्नी फूलमती (40) का है। फूलमती 15 जून को मायके से ससुराल आने के लिए निकली थी और तभी से लापता थी। रामसुमेर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच आगे बढ़ाई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई।

फूलमती जिंदा मिली, पुलिस हैरान

पति द्वारा पत्नी मानकर शव की पहचान किए जाने के बाद पुलिस उसी दिशा में जांच कर रही थी। लेकिन शनिवार को इस हत्याकांड में एक नया मोड़ आ गया। फूलमती जिंदा मिल गई। पुलिस को पता चला कि फूलमती गोरखपुर में अपने एक रिश्तेदार के यहां थी। इस बात की जानकारी मिलते ही पुलिस फूलमती को गोरखपुर से झांसी ले आई।

असल में मारा गया कौन? पुलिस कर रही है तलाश

फूलमती के जिंदा मिलने से पुलिस के सामने अब एक नया सवाल खड़ा हो गया है। अगर फूलमती जिंदा है, तो फिर उरुवा बाजार में मिला शव किसका है? पुलिस का मानना है कि हत्या की गई महिला फूलमती की कोई करीबी हो सकती है। पुलिस ने शव का फोटो आसपास के जिलों के थानों में भिजवा कर शिनाख्त करवाने की कोशिश शुरू कर दी है।

एसपी ने बताया, जल्द होगी गिरफ्तारी

एसपी दक्षिण जितेंद्र कुमार तोमर ने बताया कि पुलिस फूलमती के मोबाइल नंबर के जरिए हत्या के आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी। फूलमती का मोबाइल फोन चालू था, उसे ट्रेस कर पुलिस ने पहले सुल्तानपुर के शुभम को झांसी रेलवे प्लेटफार्म से पकड़ा। शुभम ने बताया कि उसके साथ ही फूलमती गोरखपुर से झांसी आई है। यह सुनकर पुलिस हैरान रह गई। फिर दोनों को रेलवे प्लेटफॉर्म पर ही हिरासत में लेकर गोरखपुर आई।
एसपी दक्षिणी ने बताया कि फूलमती से पूछताछ कर उसे पति रामसुमेर के साथ ससुराल भेज दिया गया। जिस महिला की हत्या कर फेंकी गई लाश मिली है, उस मामले में कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

संबंधित विषय:

Hindi News / Jhansi / मृत घोषित महिला जिंदा मिली! पति ने कराया अंतिम संस्कार, पुलिस हैरान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.