bell-icon-header
झांसी

BJP विधायक की पहल, सरकार ने दी मढियाघाट की सौगात, बेतवा का किनारा बनेगा अद्भुत

BJP विधायक जवाहर राजपूत की मेहनत रंग लाई। एरच में बेतवा नदी के किनारे अद्भुत मढियाघाट की सरकार ने सौगात दे दी है। श्री भक्त प्रहलाद जन कल्याण संस्थान की मांग पर 4.65 करोड़ की योजना को मिली मंजूरी। विधायक बोले- अयोध्या की तर्ज पर विष्णु अवतार की नगरी का विकास कराएंगे।

झांसीJan 22, 2024 / 09:26 am

Ramnaresh Yadav

सीएम योगी से प्रोजेक्ट पर चर्चा करते विधायक जवाहर लाल राजपूत।

भगवान विष्णु के अवतार से गौरवान्वित प्राचीन एरच नगरी से निकली बेतवा नदी का किनारा अब और भी रमणीक होगा। यहां मढ़ियाघाट को खूबसूरत बनाने के लिए सरकार की सहमति मिल गई है। इसके लिए सरकार ने 4.65 करोड़ रुपए की मंजूरी प्रदान की गई है। एरच नगर के लिए ये बड़ी सौगात है।

एरच के विकास की उठाई थी मांग

गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत लम्बे समय से एरच में बेतवा नदी पर स्थित मढ़िया घाट के सुंदरीकरण के लिए प्रयासरत थे। विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान एरच नगर के प्राचीन महत्व की जानकारी देते हुए विधानसभा में भी एरच के विकास की बात उठाई थी। इसके बाद एरच होली महोत्सव की अनुमति मिल गई थी, जिसके बाद अब बेतवा नदी पर मढ़िया घाट को पर्यटकों के लिए विशेष तौर पर तैयार कराने के लिए 4.65 करोड़ रुपए की धनराशि सरकार से स्वीकृत हो गयी है।
नदी के किनारे दिखाई देगी दिव्यता

योजना को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने बताया श्री भक्त प्रहलाद जन कल्याण संस्थान नगर एरच के पर्यटन विकास की मांग पत्राचार के माध्यम से कर रहा है। प्रथम किस्त के रूप में 3.20 करोड़ रुपए की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। विधायक ने कहा कि एरच नगर को भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार और वामन अवतार की स्थली भी जाना जाता है। यहां की प्राचीन धरोहरें इसकी गवाही भी देती हैं। इसे पुराने वैभव में संवारने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। एरच को अयोध्या और चित्रकूट की तर्ज पर धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से पर्यटन के नक्शे पर उभारना चाहते हैं। मढ़ियाघाट का निर्माण पूरा होने के बाद बेतवा नदी के किनारों पर भव्य और दिव्यता की झलक दिखाई देगी।

Hindi News / Jhansi / BJP विधायक की पहल, सरकार ने दी मढियाघाट की सौगात, बेतवा का किनारा बनेगा अद्भुत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.