झांसी

8 साल के लिव-इन रिलेशन के बाद शादी, 11 महीने में पति ने तेजाब से जलाया – देखिए पत्नी की दर्दनाक हालत

झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र से प्यार में धोखा खाने का मामला सामने आया है। यहां आठ साल तक लिव रिलेशन में रहने के बाद लड़का और लड़की ने आपस में शादी कर ली थी। यह रिश्ता शादी के महज़ 11 महीने तक चला इसके बाद पति ने अपनी पत्नी के ऊपर एसिड से अटैक कर दिया।

झांसीJul 01, 2024 / 07:55 am

Ramnaresh Yadav

8 वर्ष के प्रेम संबंध के बाद हुई शादी में पति ने किया एसिड अटैक

Jhansi crime news: झांसी में 8 वर्ष तक रिश्ते में रहने के बाद एक युवक-युवती ने प्रेम विवाह किया, लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही उनका रिश्ता टूट गया। पति ने पत्नी को घर से निकालने के बाद उस पर एसिड फेंक दिया। अब पीड़िता अपने पति और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के पास जा रही है।

रिश्ते की टूटन

नवाबाद थाना क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के पास रहने वाली एक युवती ने पुलिस को बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती थी। उसके साथ 8 वर्ष तक रिलेशनशिप में रही। इसके बाद दोनों ने सहमति से जुलाई 2023 में लव मैरिज कर ली। मगर उनके प्यार को ससुराल वालों की नजर लग गई। युवती के अनुसार सास व जेठ आए दिन उसके पति के कान भरने लगे। इससे वह भी उसकी उपेक्षा करने लगा। आखिर मई 2024 में पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।

ऐसिड अटैक और न्याय की गुहार

पीड़िता का कहना है कि 7 जून को उसके पति का जन्मदिन था। वह उसे बधाई देने ससुराल गई, तो वहां जेठ व पति ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। 10 जून को जब वह मेडिकल कॉलेज के पास एक पैथोलॉजी जा रही थी, तभी उसका पति आया और उस पर ऐसिड फेंक दिया। इससे वह बुरी तरह झुलस गई। उसने घटना की सूचना चौकी विश्वविद्यालय और नवाबाद पुलिस को दी, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है। पीड़िता ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

Hindi News / Jhansi / 8 साल के लिव-इन रिलेशन के बाद शादी, 11 महीने में पति ने तेजाब से जलाया – देखिए पत्नी की दर्दनाक हालत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.