प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को सुबह 11 बजे मानगढ़ धाम पर पहुंचने का कार्यक्रम है। इसे लेकर धाम पर बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही है। विशाल स्टेज के साथ ही हजारों लोगों के बैठने के लिए डोम बनाया गया है। आगे की पंक्ति में विशिष्ट जनों के बैठने के लिए सोफे लगाए गए हैं।
मानगढ़ धाम की पहाड़ी के नीचे वाले हिस्से में हेलीपैड बनाए हैं। मानगढ़ पहाड़ी तक पहुंचने के मार्ग में दोनों ओर बेरिकेडिंग की गई है। मानगढ़ धाम पर एसपीजी के अधिकारियों सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का लगातार आना-जाना बना हुआ है। व्यवस्थाओं को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं।
मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा, पूर्व राज्यमंत्री भवानी जोशी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने मानगढ़ धाम पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा। बाद में पूनिया ने पहाड़ी के एक हिस्से पर खड़े होकर मानगढ़ धाम की महत्ता को बयां किया। उन्होंने कहा कि भारत की शौर्य परंपरा में मानगढ़ धाम का जर्रा जर्रा भी महत्वपूर्ण साक्षी है। प्रधानमंत्री का मानगढ़ धाम का दौरा इसे विशिष्ट स्थान प्रदान करेगा और नई पीढ़ी को भी जल जंगल और जमीन के संरक्षण की अलग जगाने में प्रेरित करेगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मध्य प्रदेश के राज्यपाल मांगू भाई केंद्रीय संस्कृति एवं संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल सहित कई भाजपा नेताओं के मानगढ़ पहुंचने की सूचना है।