bell-icon-header
जयपुर

Rajasthan Rain: राजस्थान में यहां हुई बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता, शुक्रवार को 24 जिलों में अलर्ट

Rajasthan Rain: राजस्थान में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई हो रही है और तापमान बढ़ रहा है वहीं, पूर्वी राजस्थान में बारिश का अलर्ट जारी है।

जयपुरSep 26, 2024 / 09:39 pm

Kamlesh Sharma

Rajasthan Rain: जयपुर। राजस्थान में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई हो रही है और तापमान बढ़ रहा है वहीं, पूर्वी राजस्थान में बारिश का अलर्ट जारी है। मौसम केन्द्र के अनुसार शुक्रवार को 24 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। बांसवाड़ा, भरतपुर, सलुंबर में एक इंच तक बारिश हुई। वहीं, 29 सितंबर तक अलग-अलग दिन बारिश का दौर चलेगा। इधर, राज्य में तापमान भी बढ़ा है। गुरुवार को फलौदी में सबसे अधिक दिन का तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया। बाड़मेर में 40, बीकानेर में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

बारिश से फसलों को नुकसान

कोटा में गुरुवार शाम को बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिली। बारां में भी बूंदाबांदी ने उमस से राहत दिलाई, लेकिन झालावाड़ के झालरापाटन में बारिश से फसलों को नुकसान की आशंका है। बूंदी में तेज हवा से धान की फसलें आड़ी पड़ गई।

दूसरे दिन भी कई जगह बारिश

झालावाड़ शहर में दोपहर बाद करीब 15 मिनट रिमझिम बरसात हुई, लेकिन गर्मी व उमस से राहत नहीं मिली। जिले के झालरापाटन, सुनेल, भीमसागर, बकानी क्षेत्र में भी बारिश का दौर जारी रहा। विदाई लेते मानसून की बारिश किसानों के लिए आफत बनकर आई है। खेतों में सोयाबीन कटाई कार्य चल रहा। बारिश से कटी फसल में आंशिक नुकसान के साथ उत्पादन प्रभावित होने के आसार नजर आने लगे हैं।

बूंदी में धूलभरी तेज हवा

बूंदी जिले में बादल छाए रहे। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। जिले में नोताड़ा समेत आसपास के क्षेत्र में तेज हवा चलने से धान की फसलें आड़ी हो गई। बूंदी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया।

Hindi News / Jaipur / Rajasthan Rain: राजस्थान में यहां हुई बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता, शुक्रवार को 24 जिलों में अलर्ट

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.