जारी हुए कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री आज सुबह जयपुर से रवाना हुए। वे भाजपा प्रत्याशी कमलजीत सहरावत के समर्थन में दिल्ली के जनकपुरी में रोड शो में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री का आज दोपहर ही जयपुर लौट आने का कार्यक्रम है।
गौरतलब है कि राजस्थान में दो चरणों में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव के बाद से ही मुख्यमंत्री भजनलाल विभिन्न राज्यों के दौरे कर वहां भाजपा के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। दिल्ली से पहले वे पश्चिम बंगाल और झारखंड राज्यों में भी पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांग चुके हैं।
कौन हैं कमलजीत सहरावत?
भाजपा ने वरिष्ठ नेत्री कमलजीत सहरावत को पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से टिकट थमाकर अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। अपने राजनीतिक करियर में कमलजीत ने पार्टी में विभिन्न पदों पर काम किया है। फिलहाल वे दिल्ली भाजपा में महासचिव पद पर हैं। वे दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर और द्वारका वार्ड से पार्षद भी रह चुकी हैं। वहीं पूर्व में वे भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तक रह चुकी हैं।