bell-icon-header
जयपुर

राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर: प्रहलाद शर्मा अध्यक्ष और पुजारी महासचिव निर्वाचित

 
– पहली बार प्रदेश में वन बार, वन वोट व्यवस्था के तहत हुए चुनाव

जयपुरDec 10, 2023 / 01:10 am

GAURAV JAIN


राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष प्रहलाद शर्मा और महासचिव सुशील पुजारी होंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी ने शनिवार को इनके विजयी होने की घोषणा की। हाईकोर्ट सहित प्रदेशभर की बार एसोसिएशनों के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पहली बार प्रदेश में वन बार, वन वोट व्यवस्था लागू की गई। इसके अंतर्गत प्रदेश में सभी बार एसोसिएशनों के लिए एक ही दिन मतदान हुआ और प्रत्येक वकील को एक ही जगह वोट डालने का मौका दिया गया। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के चुनाव में शर्मा ने 1479 वोट प्राप्त कर निवर्तमान अध्यक्ष महेंन्द्र शांडिल्य को 237 मतों से हराया, वहीं महासचिव पद के लिए सुशील पुजारी ने संजय खेदड़ को हराया। उपाध्यक्ष के दो पदों पर निखिलेश कटारा और अशोक कुमार यादव, संयुक्त सचिव पद पर चित्रांक शर्मा, कोषाध्यक्ष पद पर योगेश कुमार टेलर, सांस्कृतिक सचिव पद पर मीनू वर्मा, पुस्तकालय सचिव पद पर ललित गौतम और संयुक्त पुस्तकालय सचिव पद पर आशिमा माथुर निर्वाचित घोषित किए गए। कार्यकारिणी के आठ पदों पर निशांत शर्मा, मलखान चतुर्वेदी, सुमन शर्मा, मनीष कुमार शर्मा, सतीश खंडेलवाल, संजय भारती, सुरेश कश्यप और गोविन्द गुप्ता चुने गए।

यह बोले नवनिर्वाचित अध्यक्ष शर्मा

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रहलाद शर्मा ने कहा कि हाईकोर्ट में वकीलों से जुडी अनेक समस्याएं हैं। बार और बैंच के बीच दूरियां भी हैं। इन्हें दूर करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। वकीलों को चैंबर और स्टाईपेंड दिलाना प्राथमिकता रहेगी। शर्मा ने कहा कि हाईकोर्ट में पार्किंग एक बडी़ समस्या है, जिसके कारण कई बार वकील समय पर अदालत में नहीं पहुंच पाते। इसी तरह वकीलों के बस्तों को रखने की अदालत परिसर में कोई जगह नहीं है।

दी बार एसोसिएशन जयपुर: पवन शर्मा अध्यक्ष एवं राजकुमार शर्मा महासचिव निर्वाचित

दी बार एसोसिएशन, जयपुर के चुनाव में पवन शर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कराई, वहीं महासचिव पद पर राजकुमार शर्मा विजयी घोषित किए गए हैं। पवन शर्मा ने 1599 वोट प्राप्त कर संदीप लुहाडि़या को 833 वोट से हराया। इसी तरह महासचिव पद के लिए राजकुमार ने मनीष गगरानी माहेश्वरी को हराया। उपाध्यक्ष के दो पदों पर वंदना मथुरिया और लक्ष्मी शर्मा, संयुक्त सचिव पद पर कृष्णकुमार यादव, पुस्तकालय सचिव पद पर भगवान सहाय शर्मा, सांस्कृतिक सचिव पद पर अभिलाषा, कोषाध्यक्ष पद पर गजेन्द्र सिंह नरुका और उप कोषाध्यक्ष पद पर नवल किशोर शर्मा ने जीत दर्ज की। कार्यकारिणी के 12 पदों पर ऋषिराज सिंह शेखावत, जय शर्मा, देवेन्द्र कुमार शर्मा, दीपक मिश्रा, मनीष कुमार पारीक, संतोष चतुर्वेदी, घनश्याम गंगवाल, इंतेखाब आलम, राजेन्द्र कुमार शर्मा, राजेश कुमार शर्मा, अरुण कुमावत और सुनील मिश्रा चुने गए हैं।
दी बार एसोसिएशन, जयपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि चुनाव से पहले मैनिफेस्टो जारी किया था, अब उसे लागू कराया जाएगा। अधिवक्ताओं के बैठने की जगह और अच्छे पुस्तकालय का अभाव है। इन समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
दी डिस्ट्रिक्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन जयपुर: गजराज सिंह अध्यक्ष और जोशी बने महासचिव

दी डिस्ट्रिक्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन के चुनाव में गजराज सिंह राजावत ने 743 वोट प्राप्त कर सुनील शर्मा को 239 वोट से हराया। वहीं, महासचिव पद पर अखिलेश कुमार जोशी ने नरेन्द्र सिंह राजावत को हराया। उपाध्यक्ष के दो पदों पर जितेन्द्र कुमार शर्मा व अनुपमा चतुर्वेदी ने जीत दर्ज की, वहीं संयुक्त सचिव पद पर मुकुल पारीक, कोषाध्यक्ष पद पर कार्तिकेय शर्मा, उप कोषाध्यक्ष पद पर घनश्याम शर्मा, पुस्तकालय सचिव पद पर कमलेश पारीक, डिप्टी पुस्तकालय सचिव पद पर गजेंद्र सिंह, सांस्कृतिक सचिव पद पर अविनाश गौड, संगठन सचिव पद पर दलीप सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए। कार्यकारिणी के 12 पदों पर मनीष शर्मा, जगदीश शर्मा, कृष्णवीर यादव, नवरतन सिंह, अमित त्रिवेदी, राजेश शर्मा, संजय कुमार चौहान, अशोक कुमार शर्मा, दीपक शर्मा, दिनेश कुमार पारीक, महेन्द्र कुमार बागोतिया और निकिता भार्गव को विजयी घोषित किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजराज सिंह ने कहा कि जयपुर में राजस्व मंडल की स्थाई बेंच स्थापित कराने का प्रयास किया जाएगा।
जोधपुर: रतनाराम और आनंद अध्यक्ष बने

राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव में पूर्व उपाध्यक्ष रतनाराम ठोलिया ने 14 बार अध्यक्ष रहे रणजीत जोशी को 513 वोट के अंतर से हरा दिया। उपाध्यक्ष पद पर धीरेंद्र दाधीच ने गजेन्द्र सिंह तंवर को 64 मतों से हराया, वहीं महासचिव पद पर शिवलाल बरवड़ निर्वाचित हुए। उधर, राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन के चुनावों में वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद पुरोहित अध्यक्ष, मनीष टाक महासचिव चुने गए हैं।

Hindi News / Jaipur / राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर: प्रहलाद शर्मा अध्यक्ष और पुजारी महासचिव निर्वाचित

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.