हिस्ट्रीशीटर महेंद्र के प्रेम में लेडी डॉन बन गई पूजा… पढ़ाई छोड़कर कर ली शादी
हथियार सप्लाई करने वाली युवती पूजा सैनी हिस्ट्रीशीटर महेंद्र कुमार मेघवाल उर्फ समीर के प्रेम में पड़ कर लेडी डॉन बन गई। पुलिस पूछताछ में पूजा ने बताया कि उसकी दो बहनें हैं। एक बहन जब कोटा में पढ़ रही थी, तब वर्ष 2018 में उससे मिलने गई। इस दौरान बहन की सहेली के बॉयफ्रेंड और उसके तीन दोस्तों से मुलाकात हुई। उन्हीं में महेन्द्र कुमार भी साथ था। तब पहली बार उससे जान-पहचान हुई। वर्ष 2019 में पढ़ाई के लिए जयपुर आई और एक कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया। वर्ष 2020 में महेन्द्र की फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। उसने रिक्वेस्ट को स्वीकार कर लिया। तब से बातचीत होने लगी और दोनों में प्रेम हो गया। महेंद्र के चक्कर में पड़ने के बाद पूजा ने बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी। अगस्त 2022 में महेन्द्र के साथ जयपुर के एक मंदिर में जाकर शादी कर ली। इसके बाद दोनों जगतपुरा के फ्लैट में रहने लगे और पूजा एयरपोर्ट पर काम करने लगी। धीरे-धीरे महेन्द्र के साथ गैंग में शामिल हो गई। वह महेन्द्र के साथ हथियार सप्लाई करने के साथ रुपए भी लाने व ले जाने लगी।