bell-icon-header
जयपुर

राजस्थान में घना कोहरा, सडक़ पर रेंगते दिखे वाहन

— विजिबिलिटी भी रही काफी कम

जयपुरDec 29, 2023 / 11:32 am

MOHIT SHARMA

Weather Update ..राजस्थान के पांच संभागों में बारिश का अलर्ट, सर्दी और बढ़ेगी

जयपुर. प्रदेश में आज सुबह से कोहरे का असर दिखाई दिया। दृश्यता काफी कम रही। वाहन चालकों को कोहरे के कारण परेशानी हुई। दिन में ही लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। जयपुर सहित कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा। सुबह १० बजे बाद भी कोहरा नहीं छंटा। एक तरफ जहां पूरे राजस्थान में घने कोहरे का असर छाया हुआ है। वहीं, दूसरी तरफ सर्द और ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दो दिनों के बाद 31 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा, जिसके चलते मौसम में तगड़ा बदलाव देखा जा सकता है। राजस्थान में ठंडी हवाएं चलने से गलन भी बहुत ज्यादा बढ़ गई है। वहीं घना कोहरा होने के कारण आज सुबह हाइवे पर वाहन रैंग-रैंगकर चलते नजर आए। वहीं कई ट्रेन और फ्लाइट्स भी घने कोहरे के कारण लेट हुई, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
फतेहपुर में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी करीब 10 मीटर रह गई है। जिसकी वजह से हाईवे पर वाहन लाइट जलाकर रेंगते हुए नजर आए। फतेहपुर में आज का न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जो कि बीते दिन के मुकाबले 0.5 डिग्री तक कम है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं माउंट आबू में भी पारा 0 डिग्री से नीचे चला गया है। राजधानी जयपुर की बात करे तो मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में आज तेज सर्दी की वजह से जगह-जगह लोग अलाव तापते नजर आए। सर्दी की वजह से सुबह सुबह लोगों की धुजणी छूट गई। जगह-जगह लोग अलाव तापकर सर्दी से बचते देखे गए।
कोहरे की वजह से कई उड़ानें रद्द
कोहरे की वजह से कई फ्लाइट्स रद्द हो गई तो कई लेट हुई। कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया। दिल्ली, लखनऊ और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर कोहरा छाते ही फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट कर दिया जाता है, जिससे जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों का जमावड़ा लग जाता है। घने कोहरे की वजह से दो दिन के भीतर कई उड़ानें रद्द हुई हैं। दिल्ली में ज्यादातर उड़ानों के मार्ग परिवर्तित करने पड़े।

Hindi News / Jaipur / राजस्थान में घना कोहरा, सडक़ पर रेंगते दिखे वाहन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.