bell-icon-header
जयपुर

केन्द्र में राज्यमंत्री का दर्जा दिलाने का झांसा…नियुक्ति पत्र भी दे दिया, 5 करोड़ ठगने वाला गिरफ्तार

Jaipur News : जयपुर के मानसरोवर थाना पुलिस ने केन्द्र में राज्यमंत्री का दर्जा दिलाने का झांसा दे पांच करोड़ की ठगी करने वाले दिल्ली के व्यापारी को गिरफ्तार किया है।

जयपुरJun 10, 2024 / 08:11 am

Kirti Verma

Jaipur News : जयपुर के मानसरोवर थाना पुलिस ने केन्द्र में राज्यमंत्री का दर्जा दिलाने का झांसा दे पांच करोड़ की ठगी करने वाले दिल्ली के व्यापारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
थानाप्रभारी राजेन्द्र गोदारा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नवीन गोयल दिल्ली निवासी है। वर्ष 2016 में नारायण विहार निवासी सीताराम शर्मा ने इस्तगासे से मानसरोवर थाने में राजकुमार शर्मा, मनोज शर्मा, नवीन गोयल व सुभाष शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कराया था। लेकिन आरोपियों ने पुलिस से मिलीभगत करके मामले में एफआर लगवा दी। पीड़ित की अर्जी पर कोर्ट ने फिर से जांच के आदेश दिए। पुलिस ने मामले को री-ओपन किया तो पीड़ित के आरोप सही पाए गए।
यह भी पढ़ें

Modi Cabinet : दिल्ली में राजस्थान की धमक, 14 सांसदों में से 4 को बनाया कैबिनेट मंत्री

फर्जी नियुक्ति पत्र दिया था
पुलिस ने बताया कि पीड़ित को राजकुमार, मनोज ने केन्द्र में राज्यमंत्री का दर्जा दिलाने का झांसा दिया और उसकी मुलाकात सुभाष से कराई। तीनों ने दिल्ली निवासी नवीन गोयल से मुलाकात कराई और वेयरहाउस चेयरमैन बनाने व राज्यमंत्री बनाने का झांसा दिया। राज्यमंत्री बनने के लिए आरटीजीएस व चेक के मार्फत उनके बैंक खातों में पांच करोड़ रुपए की राशि दे दी। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने नियुक्ति पत्र दे दिया। कुछ दिन बाद ही दिल्ली पुलिस ने केन्द्र सरकार के निर्देश पर सीताराम के खिलाफ फर्जी नियुक्ति पत्र बनाने का मुकदमा दर्ज किया। तब सीताराम को ठगी की भनक लगी। पुलिस अब राजकुमार, मनोज और सुभाष की भूमिका की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : Rajasthan: JDA ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी बड़ी खुशखबरी, खोले फिर नौकरी के द्वार, जल्द होगी भर्ती

Hindi News / Jaipur / केन्द्र में राज्यमंत्री का दर्जा दिलाने का झांसा…नियुक्ति पत्र भी दे दिया, 5 करोड़ ठगने वाला गिरफ्तार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.