हैटिरेज निगम की ओर से रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर 22 जनवरी को सुबह गोविंददेवजी मंदिर में विशेष सफाई अभियान शुरू होगा, इस मौके पर गोविंददेवजी मंदिर में महाआरती की जाएगी। इसके बाद मेयर मुनेश गुर्जर, निगम के सभी पार्षद सहित निगम अफसर और कार्मिक शहर के प्रमुख मंदिरों में सफाई अभियान के तहत साफ—सफाई करेंगे। वहीं शाम को गलता तीर्थ में महाआरती का आयोजन होगा। इससे पहले गलता तीर्थ में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। यहां दीपदान के साथ भगवान श्रीराम के स्वयंवर, वनवास और राज्याभिषेक के स्वरूपों की एक साथ महाआरती होगी। इस दिन शहर की चौपड़ों और प्रमुख दरवाजों पर शहनाई वादन होगा।
निगम करेगा सम्मानित
शहर के बाजारों में श्रेष्ठ सजावट करने वालों को हैरिटेज नगर निगम सम्मानित करेगा। महादीपोत्सव को लेकर एक दिन पहले निगम मुख्यालय में हुई बैठक में इसकी घोषणा की गई। बैठक में मेयर मुनेश गुर्जर व निगम आयुक्त अभिषेक सुराणा ने व्यापारियों से बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाने की बात कही।
2 से 3 दिन बाजारों में सजावट की तैयारी शुरू
रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर 21 व 22 जनवरी को जयपुर के बाजार दिवाली के जैसे रोशनी से जगमग होंगे। इसे लेकर व्यापारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल ने बताया कि शहर के सभी बाजारों में रोशनी की जाएगी। कुछ बाजारों में 21 व 22 जनवरी को दो दिन रोशनी होगी, वहीं कुछ बाजारों में तीन दिन रोशनी की जाएगी। बाजारों में जगह—जगह श्रीरामजी के झांकी के भी दर्शन होंगे।
दिवाली के जैसे जगमग होंगे बाजार, जयपुर में भी होंगे रामलला के दर्शन
धार्मिक स्थलों पर होगी सजावट
हैरिटेज नगर निगम मेयर मुनेश गुर्जर ने बताया कि रामलला मंदिर के प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव को ऐतिहासिक व अविस्मरणीय बनाने के लिए प्रमुख दरवाजों, धार्मिक स्थलों पर रोशनी व सजावट और शहनाई वादन करवाएगा। गोविंददेवजी मंदिर व गलता तीर्थ में महाआरती की जाएगी। वहीं बाजारों में आकर्षक रोशनी करने वालों को निगम की ओर से सम्मानित किया जाएगा।