bell-icon-header
जयपुर

भगवान राम की झलक देखते ही नाच उठे लोग, 51 वर्ष पुरानी जरदोजी की विशेष पोशाक में दिए दर्शन

Ayodhya Ramlala Pran Pratishtha: अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि पर बने भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में शहर में रामोत्सव का उल्लास नजर आ रहा है। मंदिरों में सुबह से ही विशेष पूजा—पाठ, हवन, अनुष्ठान व अभिषेक के साथ महाआरती के आयोजन हो रहे हैं।

जयपुरJan 22, 2024 / 11:36 am

Girraj Sharma

भगवान राम की झलक देखते ही नाच उठे लोग, 51 वर्ष पुरानी जरदोजी की विशेष पोशाक में दिए दर्शन

जयपुर। अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि पर बने भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में शहर में रामोत्सव का उल्लास नजर आ रहा है। मंदिरों में सुबह से ही विशेष पूजा—पाठ, हवन, अनुष्ठान व अभिषेक के साथ महाआरती के आयोजन हो रहे हैं।

चांदपोल बाजार स्थित प्राचीन मंदिर श्रीरामचन्द्रजी में विशेष उत्सव का आयोजन हो रहा है। सुबह सालिगरामजी महाराज का पंचामृत अभिषेक किया जा रहा है। ठाकुरजी के 51 वर्ष पुरानी जरदोजी की विशेष पोशाक में दर्शन हो रहे है। ठाकुरजी को विशेष राजभोग लगाया जा रहा है। 108 बालिकायें नृत्यनाटिका के रूप में श्रीराम स्तुति कर रही है। वहीं शाम 6.15 बजे 101 हवाइयों की गर्जना के साथ विशेष सामूहिक आरती होगी। इसेक बाद बधाई महोत्सव होगा, जिसमें श्रीराम जन्म के प्राचीन पदों का और बधाइयों का गान किया जाएगा। भक्तों को लड्डू प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

सरयू व गंगोत्री के जल से अभिषेक
खोले के हनुमान मंदिर में रामोत्सव समारोह का आयोजन हो रहा है। मंदिर में शिखर पर स्थित सियाराम मंदिर सुबह श्रीरामजी का सरयू व गंगोत्री के जल से अभिषेक कराया गया, इसके बाद फूल बंगला झांकी के दर्शन हुए। मंदिर में छप्पन भोग सज रहा है। दोपहर 2.30 बजे सियाराम जी महाराज की आरती हो रही है। इस बीच बधाई गान, भजन व सुंदरकांड के पाठ हो रहे है। शाम 6.00 बजे मंदिर में 1100 दीपक प्रज्वलित होंगे।

2100 दीपकों से महाआरती
मंदिर श्रीघाट के बालाजी में सुबह महंत सुदर्शनाचार्य के सान्निध्य में मंदिर में विराजमान रामलला उत्सव विग्रह एवं बालाजी महाराज की 2100 दीपकों से महाआरती की गई। शाम 7:30 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा।

 

यह भी पढ़ें

300 ड्रोन आकाश में उड़ेंगे: बनाएंगे राम मंदिर की प्रतिकृति, 111000 दीपकों की रोशनी में साकार होगा राम मंदिर

 

सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
पुरानी बस्ती स्थित श्रीराधा गोपीनाथजी मंदिर संध्या आरती के समय 1100 दीपकों से महाआरती होगी। इस मौके पर मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठों का आयोजन होगा। गढ़ गणेशजी मंदिर में गणेशजी महाराज को चूरमे का भोग लगाया गया। मंदिर में सुंदरकांड पाठ व हनुमान चालीसा के पाठ हो रहे है। परकोटे वाले गणेशजी मंदिर के गणेशजी महाराज का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद भजन शुरू हुए। गणेशजी महाराज को 1008 मोदक अर्पित किए गए। शाम को 1100 दीपकों से महाआरती होगी।

Hindi News / Jaipur / भगवान राम की झलक देखते ही नाच उठे लोग, 51 वर्ष पुरानी जरदोजी की विशेष पोशाक में दिए दर्शन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.