बिलासपुर में कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव उपस्थित रहे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाकर विमान को रवाना किया। दूसरी ओर जगदलपुर में मां दंतेश्वरी एयपोर्ट पर जगदलपुर-जबलपुर-दिल्ली विमान सेवा की शुरुआत भी की गई।
एलायन्स एयर की फ्लाइट दिल्ली से शुरू होकर जबलपुर होते जगदलपुर सुबह 11.30 बजे लैंड हुई, विमान के आगमन पर मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर उसका वॉटर केनन से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विधायक एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने नई फ्लाइट से जगदलपुर पहुंचे 24 यात्रियों का स्वागत किया।
पहले दिन जगदलपुर से 27 यात्रियों नें गंतव्य स्थल के लिए रवाना हुए। बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम ने बताया कि एलायंस एयर की यह फ्लाइट सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को यहां से ऑपरेट होगी। दिल्ली से सुबह 7.30 बजे उड़ान भरेगी, 9.50 को जबलपुर पहुंचेगी वहां 30 मिनट का स्टॉपेज लेकर 10.15 बजे जगदलपुर के लिए उड़ान भरकर 11.35 बजे जगदलपुर पहुंचेगी। दोपहर 12 बजे फ्लाइट यहां से रवाना होगी दोपहर 1.25 बजे जबलपुर पहुंचेगी। वहां से फ्लाइट 1.50 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी जो कि दोपहर 3.55 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
एलायंस प्रबंधन के अनुसार फ्लाइट का शुरुआती किराया 2499 रुपए तय किया गया है। शुरुआती 35 सीट तक के यात्री इतनी रकम देकर दिल्ली पहुंच जाएंगे। इसी तरह जबलपुर जाने वालों को महज 1500 रुपए देने होंगे। केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत यात्रियों को सब्सिडी मिल रही है। इसलिए टिकट की कीमतें कम हैं।
रीजनल एयर कनेक्टिविटी स्कीम के तहत फ्लाइट इस सेक्टर में उड़ान भरेगी। जगदलपुर से दिल्ली पहुंचने में पहले लोगों को 30 से 32 घंटे का समय ट्रेन से लगता था। अगर रायपुर से फ्लाइट ले भी लें तो किराया काफी ज्यादा होता है। इस तरह देखें तो बस्तर के लोगों को एक बड़ी सौगात मिल गई है। कम समय में कम किराया देते हुए लोग फ्लाइट का सफर कर पाएंगे।