bell-icon-header
जबलपुर

#Weather 30 जनवरी से बादल छंटने पर फिर पड़ेगी कड़ाके की ठंड- देखें वीडियो

#Weather 30 जनवरी से बादल छंटने पर फिर पड़ेगी कड़ाके की ठंड- देखें वीडियो

जबलपुरJan 28, 2024 / 12:33 pm

Lalit kostha

#Weather update

जबलपुर. सम्भाग का मौसम एक बार फिर बदलता दिख रहा है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से रात में हल्के बादल छाए। इसके चलते शनिवार को रात का न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री बढ़ा। मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सम्भाग के कुछ जिलों में रविवार व सोमवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। बादल छाने से तापमान में दो डिग्री की वृद्धि हो सकती है। 30 जनवरी के बाद विक्षोभ का प्रभाव कम होने के बाद बादल छंटने पर एक बार फिर ठंड बढ़ेगी। रविवार को जबलपुर जिले में मौसम शुष्क बना रहेगा। सिवनी, मंडला, बालाघाट जिलों में बूंदाबांदी की सम्भावना है।

मौसम फिर बदला, सम्भाग में आज बूंदाबांदी के आसार

 

हवा के साथ आ रही नमी

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में वेस्टर्न जेट स्ट्रीम लगातार बना है। उत्तरी अरब सागर एवं उससे लगे महाराष्ट्र-गुजरात पर तीन किमी की ऊंचाई पर प्रति चक्रवात बना है। इस वजह से हवा के साथ अरब सागर से कुछ नमी आने लगी है। शनिवार को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवा का रुख भी बदलने लगा है। इस वजह से ऊंचाई एवं मध्यम स्तर के बादल छाने लगे हैं। बादलों के कारण दिन के तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी। उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस से ठंड से राहत मिलेगी। रात के तापमान में वृद्धि होगी। हालांकि, इस दौरान देर रात और सुबह के समय कोहरा छा सकता है।पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी होने की सम्भावना है। इसके आगे बढ़ने के बाद 30 जनवरी से हवा का रुख उत्तरी होने लगेगा। इस वजह से एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट हो सकती है।

 

सर्द हवा से दिन में नहीं बढ़ा तापमान

शनिवार को चटक धूप खिली। लेकिन, बादल व सर्द हवा से दिन का अधिकतम तापमान हल्का कम हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य रहा व 25.1 डिग्री दर्ज किया गया। लेकिन, रात के न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री की बढ़त हुई। न्यूनतम तापमान शुक्रवार को 7.2 डिग्री था, जो शनिवार को 9.6 डिग्री हो गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम था।

Hindi News / Jabalpur / #Weather 30 जनवरी से बादल छंटने पर फिर पड़ेगी कड़ाके की ठंड- देखें वीडियो

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.