bell-icon-header
जबलपुर

KVS admission 2020 : जल्द शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया तैयार रखें दस्तावेज

पिछले वर्ष एक मार्च को शुरू हो गए थे पंजीयन, जबलपुर में हैं नौ केन्द्रीय विद्यालय

जबलपुरMar 02, 2020 / 06:13 pm

shivmangal singh

KVS admission 2020 : जल्द शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया तैयार रखें दस्तावेज

जबलपुर. केन्द्रीय विद्यालयों में नए सत्र के लिए जल्द ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि मार्च के पहले सप्ताह में ही इसके लिए नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। क्योंकि पिछले वर्ष केंद्रीय विद्यालयों में 01 मार्च से एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी और अंतिम तिथि 19 मार्च 2019 थी। जानकारों का मानना है कि जिन लोगों को अपने बच्चों को केन्द्रीय विद्यालयों प्रवेश दिलाना है वे सभी दस्तावेज तैयार करवा लें, जिससे बाद में परेशानी से बचा जा सके। केंद्रीय विद्यालयों में एडमिशन के लिए सभी को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा, उसी के आधार पर बच्चे का एडमिशन के लिए चयन होगा। एक बार एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने के बाद इच्छुक अभिभावक https://kvsonlineadmission.in पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी नियम भी अभिभावकों को पढऩे के लिए मिल जाएंगे।

इनको मिलती है प्राथमिकता
केन्द्रीय विद्यालय में प्रवेश के लिए बाकायदा गाइडलाइन बनाई गई है। इसमें सबसे पहले केंद्र सरकार के कर्मचारियों, उनसे जुड़ी संस्थाओं के कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाती है। इसके लिए पांच कैटेगिरी तैयार की गई हैं। इसमें आम नागरिक को सबसे बाद में रखा गया है। ये हैं पांच कैटेगिरी।
1- केन्द्र सरकार के वर्तमान कर्मचारियों के बच्चे और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बच्चे। इसमें वे विदेशी कर्मचारी भी शामिल हैं जो केंद्र सरकार के बुलावे पर भारत में प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं।
2- भारत सरकार के ऐसे स्वशासी, लोकसेवा संस्थान और हायर लर्निंग इंस्टीट्यूट के कर्मचारियों के बच्चे इसमें कैटेगिरी में शामिल किए गए हैं।
3- राज्य सरकार के कर्मचारियों के बच्चों को तीसरी कैटेगिरी में शामिल किया गया है।
4- राज्य सरकार से जुड़े ऐसे संस्थान जो स्वशासी हैं, लोक सेवा से जुड़े हैं और ऐसे हायर लर्निंग इंस्टीट्यूट के कर्मचारियों के बच्चों को इस कैटेगिरी में शामिल किया गया है।
5- पांचवी कैटेगिरी में सभी बच्चों को रखा गया है। इस कैटेगिरी के तहत अपने बच्चों को एडमिशन दिलाने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। इसमें विदेशी नागरिक भी शामिल हैं जो अपने किसी कार्य के लिए भारत में पदस्थ हैं अथवा निवास कर रहे हैं।
पहली कक्षा में एडमिशन के लिए पांच साल उम्र जरूरी
केन्द्रीय विद्यालय में प्रवेश के लिए सरकार ने बाकायदा उम्र तय की हुई है। पहली कक्षा में प्रवेश के लिए न्यूनतम पांच साल की उम्र तय की गई है। इसकी अधिकतम सीमा सात साल है। आयु की गणना प्रवेश वर्ष के 31 मार्च के आधार पर की जाती है।
प्रवेश के लिए निर्धारित आयु
– पहली कक्षा में पांच से सात वर्ष
– दूसरी कक्षा में छह से आठ वर्ष
– तीसरी कक्षा में सात से नौ वर्ष
– चौथी कक्षा में आठ से दस वर्ष
– पांचवीं कक्षा में नौ से 11 वर्ष
– छठवीं कक्षा में 10 से 12 वर्ष
– सातवीं कक्षा में 11 से 13 वर्ष
– आठवीं कक्षा में 12 से 14 वर्ष
– नवमी कक्षा में 13 से 15 वर्ष
– दसवीं कक्षा में 14 से 16 वर्ष

एससी-एसटी को मिलेगा आरक्षण
केन्द्रीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए एससी और एसटी वर्ग को आरक्षण का भी लाभ मिलता है। इसमें एससी के लिए 15 फीसदी और एसटी के लिए 7.5 फीसदी सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके लिए विशेष बच्चों के लिए भी तीन फीसदी सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा यदि केन्द्रीय विद्यालय में 30 जून तक सीटें खाली रह जाती हैं तो क्षेत्र में पदस्थ डिप्टी कमिश्नर निर्धारित प्राथमिकताओं के आधार पर 31 जुलाई तक प्रवेश के लिए अनुमति प्रदान कर सकता है।

जबलपुर में हैं नौ केन्द्रीय विद्यालय
जबलपुर में सेना और डिफेंस से जुड़े अन्य संस्थानों के चलते नौ केन्द्रीय विद्यालय हैं। कई केन्द्रीय विद्यालयों की यहां पर बहुत ख्याति है और इनमें प्रवेश मिलना भी एक प्रतिष्ठा का विषय माना जाता है। इनमें एसटीसी-1 सदर और जीसीएफ से जुड़े केन्द्रीय विद्यालयों की अच्छी प्रतिष्ठा है। इसके अलावा गढ़ा में भी एक विद्यालय आम नागरिकों के लिए भी खोला गया है।
जबलपुर स्थित केंन्द्रीय विद्यालय
1- केन्द्रीय विद्यालय 1-एसटीसी सदर जबलपुर
2- केन्द्रीय विद्यालय सीएमएम जबलपुर
3- केन्द्रीय विद्यालय सीओडी, जबलपुर
4- केन्द्रीय विद्यालय गढ़ा, जबलपुर
5- केन्द्रीय विद्यालय जीसीएफ नंबर-1, जबलपुर
6- केन्द्रीय विद्यालय जीसीएफ नंबर-2, जबलपुर
7- केन्द्रीय विद्यालय खमरिया, जबलपुर
8- केन्द्रीय विद्यालय टीएफआरआई, जबलपुर
9- केन्द्रीय विद्यालय वीकल फैक्ट्री जबलपुर

जरूरी दस्तावेज
– बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र
– बच्चे का आधार
– समग्र आईडी
– बैंक खाता
– एड्रेस प्रूफ

Hindi News / Jabalpur / KVS admission 2020 : जल्द शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया तैयार रखें दस्तावेज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.