bell-icon-header
इंदौर

मजबूत सरकार ने देश में सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध भारत का विमर्श खड़ा किया

मांडू में तीन दिनी प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बोले-

इंदौरOct 08, 2022 / 11:08 am

Anil Phanse

मजबूत सरकार ने देश में सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध भारत का विमर्श खड़ा किया

धार। आज देश में विमर्श के विषय बदले हैं। हमारी केन्द्र व राज्य की सरकारें विकास कार्यों के माध्यम से नए आयाम स्थापित कर रही हैं। भारत के नागरिकों के बीच सुरक्षा का भाव पैदा हुआ है। एक मजबूत सरकार ने देश में सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध भारत का विमर्श खड़ा कर दिया है, इसलिए समाज और देश विरोधी ताकतें बेचैन हैं। आज भी विभाजनकारी ताकतें जातिवाद और धार्मिक वैमनस्यता के मुद्दे उठाकर देश को तोडऩे का काम कर रही हैं। ऐसे में हमारे कार्यकर्ताओं का यह दायित्व है कि सरकार के विकास कार्यों की चर्चा जनता के बीच जाकर करें और समाज के बीच विकास का विमर्श निर्मित करें।
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को धार के मांडव में प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही। भारतीय जनता पार्टी के तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शुक्रवार को मांडव में हुआ। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विजय दुबे ने दीप प्रज्जवलन कर महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। धार जिला अध्यक्ष राजीव यादव ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक एवं विभागों के प्रदेश संयोजक उपस्थित थे।
आतंकवाद पर अंकुश
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने विभाजनकारी ताकतें और विमर्श विषय पर सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि देश विरोधी ताकतें आजादी के बाद से समाज में लगातार ऐसे नरेटिव बनाती आई है, जिससे समाज भ्रमित हो। इन्हीं ताकतों ने कश्मीर में जनमत संग्रह की बात की। वहीं सेना के जवानों को रैपिस्ट बताकर उन्हें बदनाम करने में भी यह ताकतें पीछे नहीं रहीं। अभिव्यक्ति के नाम पर यही वामपंथी जेएनयू में भारत विरोधी ताकतों को मजबूत करने के प्रयास करते हैं तो कभी आस्था के केन्द्र राम मंदिर के निर्माण में अवरोध उत्पन्न करते है। उन्होनें कहा कि इन विभाजनकारी ताकतों का एकमात्र उद्देश्य समाज के बीच भ्रम फैलाना है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के प्रताडि़त हिन्दुओं को भारत की नागरिकता देने के लिए जब सीएए कानून बना तो देश विरोधी ताकतों ने इसे एनआरसी से जोडक़र झूठ परोसा।

Hindi News / Indore / मजबूत सरकार ने देश में सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध भारत का विमर्श खड़ा किया

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.