जोन-1 एडिशनल डीसीपी आलोक शर्मा, एसीपी विवेक चौहान के मुताबिक होटल संचालक रवि 42 पिता पूनम ठाकुर निवासी नंदा नगर और उनकी महिला दोस्त सरिता 38 निवासी अशोक नगर की हत्या में फरार आरोपी ममता और उसके पति नितिन दोनों निवासी खजराना क्षेत्र को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के नेतृत्व में टीआइ राजेश साहू की टीम आरोपियों की तलाश में 50 लोगों से पूछताछ और करीब 125 कैमरा फुटेज, तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को पकड़ा है। अब तक की जांच में पता चला कि होटल संचालक रवि और अशोक नगर निवासी सरिता का पांच सालों से आपस में मिलना जुलना था।
सरिता अपने पति और बच्चों के साथ किराये के घर में रहती थी। जांच में पता चला कि रवि के कई महिलाओं से अवैध संबंध थे। अब तक उसके तीन महिलाओं से संबंध सामने आए है। रवि अपने पैसों का प्रभाव दिखाकर और डरा धमकाकर महिलाओं से अवैध संबंध बनाता और अश्लील वीडियों बनाकर ब्लैकमेल करता था।
होटल संचालक की वजह से दंपति में होने लगे थे विवाद
एडिशनल डीसीपी शर्मा ने बताया की आरोपी दंपति से पूछताछ में पता चला कि रवि की वजह से दोनों के बीच आए दिन विवाद होते थे। इसके बाद दोनों ने साजिश के तहत हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना दिनांक की दोपहर 12 बजे दोनों बाइक से सरिता के अशोक नगर स्थित घर पहुंचे। वहां से पहले रवि को मिलने आने के लिए संपर्क किया। आरोपी महिला ने बताया की वीडियो बनाकर रवि उसे ब्लैकमेल कर रहा था। संबंध बनाने के लिए बुला रहा था। इस काम में सरिता उसका साथ दे रही थी।
इस वजह से दंपति ने पहले सरिता पर चाकू और उसके घर मंदिर में रखी तलवार से वार कर हत्या कर दी। रवि के आने के पहले आरोपी नितिन वहीं छिप गया। ममता ने रवि से मिलते ही उसे अवैध संबंध बनाने का लालच दिया। उसकी आंखों पर पट्टी बांध कपड़े उतरवा दिए। तभी उसके पति ने धारदार हथियार से रवि की हत्या कर दी। घटनास्थल पर दंपति ने घर में फैले खून साफ किया था। जानकारी मिली है की 6 दिसंबर को दंपति ने वारदात की प्लानिंग की थी। लेकिन उस दिन दोनों वारदात नहीं कर पाए।
खून से सने कपड़ों और मोबाइल को जलाया
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी दंपति अपने घर पहुंचे। वहां खून से सने कपड़ों को छत पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद कपड़ों के जले अवशेष को प्लास्टिक की बोरे में भरकर कचरा प्लांट के पास फेंक दिया। घटनास्थल से दंपति होटल संचालक और महिला का मोबाइल उठा लाए थे जिसे दोनों ने कचरा प्लांट के पास पेट्रोल डालकर आग लगा दिया। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।
परिजन ने अवैध संबंध, ब्लैकमेल की बात को बताया निराधार
चचेरा भाई गोलू वर्मा ने बताया कि आरोपी महिला ने मनगढंत कहानी पुलिस को बताई है। आरोप है उसने भाई रवि से सात लाख उधार लिए थे। पैसे देने के बहाने बुलाया और हमला कर दिया। अवैध संबंध की बात निराधार है। महिला की बेटी भाई को राखी बांधती थी। यदि भाई ब्लैकमेल कर रहा था तो इस संबंध में वीडियो प्रस्तुत करें। हम यह बात पुलिस के समक्ष रखेंगे।