bell-icon-header
इंदौर

दिग्विजय ने संघ कार्यकर्ताओं को कहा दीमक, गुपचुप काम करते हैं आरएसएस के लोग

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने इंदौर में कहा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ऊपर से नहीं दिखता

इंदौरJan 10, 2022 / 04:28 pm

Hitendra Sharma

इंदौर. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला है। वह इंदौर में युवक कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह ने संघ की तुलना दीमक से कर दी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि आप ऐसे संगठन से लड़ रहे हैं, जो ऊपर से नहीं दिखता। जिस तरह दीमक किसी वस्तु या घर में चुपचाप खोखला करती रहती है, उसी तरह संघ भी काम करता है। हालांकि यह बोलने के बाद सिंह ने कहा कि ये बोलकर वह सबसे ज्यादा गाली भी खाने वाले हैं।

युवक कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कहा कि “यह आरएसएस की विचारधारा है। मैं चाहता हूं कि आरएसएस के लोग मुझसे बहस करें। तुम्हारा (RSS) संगठन है कहां? रजिस्टर्ड संस्था कहां है? ये केवल गुपचुप तरीके से काम करते हैं, दबे-छिपे काम करेंगे। खुलेआम कोई काम नहीं करेंगे। गुप्त रूप से बात करेंगे। कानाफूसी करेंगे। गलत बात फैलाएंगे। दिग्विजय सिंह ने कहा कि संगठन के रूप में संघ ने कभी कोई धरना दिया है क्या ? कोई आंदोलन किया है क्या ? किसी आम आदमी, किसान या मजदूर की लड़ाई लड़ी है कहीं ? सिंह ने कहा कि ये कभी नहीं लड़ेंगे। वो हमेशा आपके घर में आएंगे। आपसे कहेंगे- भाई साहब, आपने बहुत दिन से चाय नहीं पिलाई है। चाय तो पिलाइए। भोजन करा दीजिए। यह लोग ऐसे ही विचारधारा को फैलाते हैं।”

https://www.dailymotion.com/embed/video/x86zppl

दिग्विजय सिंह संघ तक ही नहीं रुके आगे कहा कि हिंदू धर्म को कभी भी खतरा नहीं रहा है। सिंह ने कहा कि हिंदू धर्म इतना व्यापक, विशाल है कि हमारे यहां सभी धर्मो को स्वीकार किया गया है। ईसाई धर्म पश्चिम के देशों में से पहले भारत आया। ईसा मसीह के 40 साल बाद ही ईसाई धर्म बारत देश में पहुंच गया था। वही इस्लाम हमारे देश में आठवीं सदी में ही आ गया। तब भी इस देश में हिंदुओं को कोई खतरा नहीं हुआ था। दिग्विजय सिंह ने इसारों में बीजेपी से सवाल किया है कि वर्तमान में देश के राष्ट्रपति से लेकर ऊपर के सभी पदों पर हिंदू हैं फिर हिंदू धर्म को खतरा कैसे हो गया ?

Hindi News / Indore / दिग्विजय ने संघ कार्यकर्ताओं को कहा दीमक, गुपचुप काम करते हैं आरएसएस के लोग

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.