bell-icon-header
हनुमानगढ़

सफेद सोना करेगा मालामाल, एमएसपी पर होगी खरीद

हनुमानगढ़. अबकी बार खरीफ की प्रमुख फसल कपास मतलब सफेद सोने की स्थिति ठीक है। अगेती खेती करने वाले करीब दस प्रतिशत किसानों के खेत में कुछ आंशिक नुकसान हो सकता है।

हनुमानगढ़Sep 29, 2024 / 07:57 pm

Purushottam Jha

सफेद सोना करेगा मालामाल, एमएसपी पर होगी खरीद

हनुमानगढ़. अबकी बार खरीफ की प्रमुख फसल कपास मतलब सफेद सोने की स्थिति ठीक है। अगेती खेती करने वाले करीब दस प्रतिशत किसानों के खेत में कुछ आंशिक नुकसान हो सकता है। क्योंकि शुरुआती दौर में गुलाबी सुंडी का प्रकोप रहा था। परंतु पछेती खेती करने वाले किसानों के खेतों की स्थिति तुलनात्मक रूप से ठीक है। क्योंकि काफी हद तक पछेती बिजाई करने वाले किसानों ने सुंडी पर नियंत्रण कर लिया था। इस वजह से औसत उत्पादन प्रति हेक्टैयर 20 क्विंटल तक होने की संभावना है। इस बीच केंद्रीय कपास निगम यानी सीसीआई ने एक अक्टूबर से कपास खरीद को लेकर हनुमानगढ़ जंक्शन, टाउन, संगरिया, पीलीबंगा, रावतसर, गोलूवाला, नोहर व भादरा मंडी में खरीद केंद्र घोषित कर दी है। इसके तहत आठ से बारह प्रतिशत तक नमी रहने पर किसानों को एमएसपी के तौर पर 7271 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिलेगा। ऑनलाइन गिरदावरी के आधार पर ही खरीद होगी। सभी केंद्रों पर एक अक्टूबर से सरकारी खरीद प्रस्तावित है। सीसीआई की ओर से नियुक्त खरीद अधिकारी केवल शर्मा के अनुसार किसान वही बैंक खाता भुगतान के लिए प्रस्तुत करें, जो आधार कार्ड से लिंक हो। खरीद के 72 घंटों के भीतर किसानों को भुगतान करने का दावा सीसीआई के अधिकारी कर रहे हैं। हनुमानगढ़ जिले में एक लाख सात हजार हैक्टेयर में कपास की खेती हुुई है। इससे किसानों की जेब में अच्छी नकदी आने की संभावना है। कृषि विपणन विभाग हनुमानगढ़ के उप निदेशक डीएल कालवा के अनुसार कपास की सरकारी खरीद की तैयारियां मंडियों में पूरी कर ली गई है। खरीद अधिकारियों की नियुक्ति भी सीसीआई की ओर से कर दी गई है। जैसे ही ढेरियां आनी शुरू होगी, खरीद शुरू कर दी जाएगी।
इतनी फैक्ट्रियों से अनुबंध
हनुमानगढ़ जंक्शन मंडी में पंाच तथा टाउन मंडी में नौ जीनिंग फैक्ट्रियों से सीसीआई ने अनुबंध किए हैं। इन फैक्ट्री संचालकों ने जो कोटेशन दिए थे, उसे स्वीकृत कर लिया गया है। यानी जिनिंग कार्य के लिए उक्त फैक्ट्रियां सहमत हो गई है। अब मंडियों में कपास की ढेरी आने का इंतजार है।
अगले सप्ताह आवक
जिले की मंडियों में अगले सप्ताह से कपास की आवक संभावित है। अभी अगेती फसलों में कपास की फसल तैयार हो गई है। दो-तीन दिनों में चुगाई कार्य शुरू होने की संभावना है। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार दो-तीन दिन पहले अधिक तापमान की वजह से कपास की फसल आंशिक रूप से प्रभावित हुई। लेकिन अब तापमान ठीक है। इस बार गुलाबी सुंडी पर भी काफी हद तक नियंत्रण पाने से फसल की स्थिति ठीक है।
…..वर्जन…….
सुंडी पर नियंत्रण से स्थिति सुधरी
…फोटो…..
इस बार अगेती कपास की फसल में गुलाबी सुंडी का कुछ प्रकोप रहा था। पछेती बिजाई के बाद सुंडी पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया। इस वजह से फसल की स्थिति ठीक है। अगले सप्ताह से कपास की आवक मंडियों में होने की संभावना है।
-बीआर बाकोलिया, सहायक निदेशक, कृषि विभाग हनुमानगढ़

Hindi News / Hanumangarh / सफेद सोना करेगा मालामाल, एमएसपी पर होगी खरीद

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.