bell-icon-header
ग्वालियर

MP News: तेज हवा का झोंका ले गया नन्हीं सी जान, तीसरी मंजिल से गिरकर मासूम की मौत

MP News: ग्वालियर में छत पर खेल रही मासूम बच्ची चली तेज हवा के झौंके के साथ तीसरी मंजिल से सीधे नीचे आ गिरी, अस्पताल में तोड़ा दम

ग्वालियरJun 07, 2024 / 08:24 am

Sanjana Kumar

MP News: हम उम्र बच्चों के साथ छत पर खेलने गई तीन साल की नन्हीं सी जान को हवा के तेज झोंका ले गया। तेज हवा से वह तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरी। उसके सिर और पूरे शरीर में गहरी चोट आईं। परिवार के लोग उसे नाजुक हालत में लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां उसे बचाने की तमाम कोशिश नाकाम रहीं। उस मासूम ने दम तोड़ दिया।
दीनदयाल नगर (महाराजपुरा) में नीलेश जाट की तीन वर्षीय बेटी दृष्टि के लिए हवा का तेज झोंका मौत बन गया। नीलेश मूलत: फूफ (भिंड) के रहने वाले हैं। बच्चों को पढ़ाने के मकसद से एक साल पहले परिवार सहित यहां आए हैं और इ रिक्शा चलाकर गुजर करते हैं।

यहां जानें पूरा मामला

पुलिस ने बताया दीनदयाल नगर में नीलेश का परिवार तीन मंजिला मकान में रहता है। इस घर में और भी किराएदार हैं। मकान की छत पर जाने वाला दरवाजा आमतौर पर बंद रहता है। दो दिन पहले मकान में रहने वाला कोई सदस्य छत पर कपड़े डालने गया होगा तब दरवाजा खुला रह गया। दृष्टि बड़े भाई और हम उम्र बच्चों के साथ खेलने छत पर चली गई।
ये भी पढ़ें: MP News: मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस भट्ट का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस

छज्जे पर नहीं थी ग्रिल

बच्चे छत पर खेल रहे थे उस दौरान हवा का तेज झोंका आया। दृष्टि दरवाजे के पास खेल रही थी। हवा के दवाब से दरवाजा तेजी से बंद हुआ दृष्टि उसका धक्का सहन नहीं कर पाई। छज्जे पर ग्रिल नही लगी है तो तीसरी मंजिल से नीचे गिरी।

दो महीने पहले मनाया था जन्मदिन

दो महीने पहले 20 अप्रैल को परिवार ने दृष्टि का जन्मदिन मनाया था। उसमें हमउम्र दोस्तों के साथ दृष्टि ने जमकर मौज की थी। अब परिजन उसे स्कूल भेजने की तैयारी में थे। लेकिन दर्दनाक हादसे ने मासूम की जान ले ली।

इनका कहना है

बच्ची हमउम्र बच्चों के साथ छत पर खेल रही थी। हवा का तेज झोंका सहन नहीं कर पाई। तीसरी मंजिल ने नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई। घटना की जांच की जा रही है।
-धर्मेन्द्र यादव, महाराजपुरा टीआइ

ये भी पढ़ें: Weather News: मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी, 45 डिग्री तापमान में तीन लोगों की मौत

Hindi News / Gwalior / MP News: तेज हवा का झोंका ले गया नन्हीं सी जान, तीसरी मंजिल से गिरकर मासूम की मौत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.