bell-icon-header
गाज़ियाबाद

गाजियाबाद में तड़तड़ाई गोलियां…पिता, पुत्र की हत्या, दूसरे बेटे की हालत नाजुक

शुक्रवार रात पानी को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने बाग रखवाली करने वाले पिता व दो पुत्रों को गोलियों से भून दिया। इसमें पिता पप्पू (60) व पुत्र राजा (25) की मौत हो गई। पुत्र राजा का शव देर रात ही राजवाहे से बरामद हो गया जबकि गौताखोरो ने पिता पप्पू का शव शनिवार सुबह राजवाहे से ही बरामद किया। घटना के विरोध में मृतक के परिजनों ने गंगनहर पटरी मार्ग जाम कर दिया। घटना दो समुदाय से जुड़ी होने के कारण तनाव का माहौल बना हुआ है।

गाज़ियाबादJun 22, 2024 / 12:18 pm

anoop shukla

गाजियाबाद में पिता और उसके दो बेटों को गोली मार दी गई, यह घटना उस समय हुई जब वे खेतों की ओर जा रहे थे, तभी घात लगाकर दर्जनों राउंड फायरिंग की गई। वारदात के करीब 10 घंटे बाद शनिवार सुबह पिता का शव खेत में और एक बेटे का शव सड़क किनारे मिला। दूसरे बेटे की भी हालत नाजुक है। उसे मेरठ में भर्ती कराया गया है। मामला मोदीनगर थाना क्षेत्र के खिदोड़ा गांव का है। जानकारी के मुताबिक खेत में पानी लगाने को लेकर विवाद हुआ था, गांव में तनाव है। शनिवार को मोदीनगर-धोलड़ी मार्ग पर लोगों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सूचना पाकर फोर्स पहुंची है। एसीपी का घेराव कर लोग आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग कर रहे हैं।
जानिए पूरा मामला

खिदोडा में रहने वाले वेद प्रकाश त्यागी का गांव में ही बाग है। मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के धोलड़ी के रहने वाले पप्पू (60) ने वेद प्रकाश से बाग ठेके पर ले रखी है। शुक्रवार रात 8 बजे पप्पू अपने बाग में रजवाहे से पानी लगा रहे थे। इसका उनके पड़ोसी बाग के दीपक त्यागी, सुधीर त्यागी, गुड्डु त्यागी ने विरोध किया। ये लोग पानी अपने बाग में लगाना चाहते थे। इसी को लेकर विवाद हुआ।मामला बढ़ा तो खुद वेद प्रकाश मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दीपक और पप्पू के पक्ष को समझा-बुझाकर मामला सुलझा लिया।
बताया जा रहा है कि रात 11 बजे के आसपास पप्पू अपने बेटों राजा (25) और चांद (23) के साथ बाइक से गांव धोलडी से बाग में जा रहे थे। जब वह नहर वाले मार्ग पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद लोगों ने तीनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 15 राउंड फायरिंग की गई।
आरोपियों ने गोली मारने के बाद पप्पू को रजवाहे में फेंक दिया। राजा और चांद को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंका। फिर आरोपी फरार हो गए। सुबह 8 बजे राहगीरों ने राजा और चांद को झाड़ियों में पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। राजा की मौत हो चुकी थी, जबकि चांद की सांसें चल रही थीं। उसे तत्काल मेरठ के अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक है। वहीं, 100 मीटर दूर पप्पू का शव रजवाहे में मिला। डबल मर्डर से गांव आक्रोश है। लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस लोगों को शांत कराने के साथ जांच में जुटी है। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है। आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।

ACP दिनेश कुमार पी ने बताया कि शुक्रवार रात ग्रामीणों का पानी को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है। एक हालत गंभीर है। उसका इलाज मेरठ में चल रहा है। मौके फोर्स तैनात है। पुलिस अधिकारी भीड़ को समझाने का प्रयास में लगे हैं। मामले की जांच चल रही है।

Hindi News / Ghaziabad / गाजियाबाद में तड़तड़ाई गोलियां…पिता, पुत्र की हत्या, दूसरे बेटे की हालत नाजुक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.