bell-icon-header
फुटबॉल

FIFA 2022 : फ्रांस ने इंग्लैंड को 2-1 हराया, अब सेमीफाइनल में भिड़ेंगी ये चार टीमें

FIFA 2022 France vs England : फीफा वर्ल्ड कप 2022 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। शनिवार देर रात को चौथे और आखिरी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में डिफेंडिंग चैम्पियन फ्रांस ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब फ्रांस का मुकाबला सेमीफाइनल में मोरक्को से होगा। मोरक्को की टीम क्वार्टर फाइनल मैच में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची है।

Dec 11, 2022 / 08:08 am

lokesh verma

फ्रांस ने इंग्लैंड को 2-1 हराया, अब सेमीफाइनल में भिड़ेंगी ये चार टीमें।

fifa world cup 2022 : कतर की मेजबानी में आयोजित फीफा वर्ल्ड कप 2022 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। शनिवार देर रात को चौथा और आखिरी क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मैच में डिफेंडिंग चैम्पियन फ्रांस और इंग्लैंड के बीच काफी रोमांचक भिड़त हुई। फ्रांस ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत हासिल की। फ्रांस ने वर्ल्ड कप में पहली बार इंग्लैंड को हराया है। इससे पूर्व 1966 और 1982 में फ्रांस को इंग्लैंड के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी। फ्रांस ने इस जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब फ्रांस का मुकाबला सेमीफाइनल में मोरक्को से होगा। मोरक्को की टीम क्वार्टर फाइनल मैच में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची है।
फ्रांस और इंग्लैंड के बीच हुए मैच के पहले हाफ में फ्रांस ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। हालांकि इंग्लैंड ने भी अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में बॉल पजेशन हो या फिर पास एक्यूरेसी हर मामले में कांटे की टक्कर रही। लेकिन, फ्रांस ने पहला गोल दागते हुए 1-0 से बढ़त हासिल की। पहला गोल ऑरेलियन टचौमेनी ने 17वें मिनट में दागा। पहले हाफ में इंग्लैंड के पास 58 फीसदी बॉल पजेशन रही। इसके बावजूद टीम गोल करने में नाकाम रही। जबकि फ्रांस के पास 42 प्रतिशत ही बॉल पजेशन रही।

कप्तान हैरी केन ने कराई वापसी

वहीं मैच के दूसरे हाफ का खेल शुरू होते ही इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। इसका नतीजा था कि 54वें मिनट में इंग्लैंड ने भी गोल दाग दिया। फ्रांस के फाउल पर इंग्लैंड के खाते में पेनल्टी आई। कप्तान हैरी केन ने कोई गलती नहीं करते हुए गोल दागकर मैच को 1-1 से बराबर पर ला दिया। इस गोल के साथ हैरी केन इंग्लैंड के लिए संयुक्त रूप से सर्वाधिक 53 गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले वायने रूनी के नाम भी 53 गोल हैं।

यह भी पढ़े – फीफा वर्ल्ड कप कवर कर रहे अमेरिकी पत्रकार की मौत, समलैंगिकों के समर्थन में पहनी थी रेनबो शर्ट
https://twitter.com/adidasfootball?ref_src=twsrc%5Etfw
दूसरे हाफ में भारी पड़े जिरूड

दूसरे हाफ में एक समय लग रहा था कि कोई भी टीम मैच जीत सकती है, लेकिन ओलिविर जिरूड ने हैरी केन की मेहनत पर पानी फेर दिया। जिरूड ने मैच के 78वें मिनट में एंटोनी ग्रीजमैन के पास पर शानदार गोल दागकर फ्रांस को फिर से 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद अंतिम समय में कोई गोल नहीं कर सका। इस तरह फ्रांस ने इंग्लैंड के सपने को तोड़ते हुए 2-1 से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

फीफा वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का शेड्यूल

– 13 दिसंबर – क्रोएशिया vs अर्जेंटीना (देर रात 12.30 बजे)
– 14 दिसंबर – मोरक्को vs फ्रांस (देर रात 12.30 बजे)

यह भी पढ़े – पहली बार विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा मोरक्को, रोनाल्डो की पुर्तगाल को 1-0 से हराया

Hindi News / Sports / Football News / FIFA 2022 : फ्रांस ने इंग्लैंड को 2-1 हराया, अब सेमीफाइनल में भिड़ेंगी ये चार टीमें

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.