दुर्ग@पत्रिका. नेहरू नगर-अंजोरा बायपास मार्ग स्थित अर्जुन ढाबा में सोमवार रात आपसी विवाद के बीच बीच बचाव करना युवक को भारी पड़ गया। विवाद को शांत कराने पहुंचे ऋषभ ग्रीन सिटी निवासी अभिषेक राठी 28 साल की जान चली गई। इस घटना में एक अन्य घायल गांधी चौक निवासी अनिकेत संचेती को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है। इस मामले में हत्या के आरोपी रौनक दुबे और लक्की शर्मा के खिलाफ पुलगांव थाना में धारा 302 के तहत एफआईआर किया गया है। खाना खाने अर्जुन ढाबा पहुंचे थे पुलिस के मुताबिक घटना के समय मृतक अपने साथियों के साथ खाना खाने ढाबा पहुंचा था। अर्जुन ढाबा में पहले से ही रौनक दुबे और लक्की शर्मा अपने साथियों के साथ खड़े थे। थोड़ी ही देर बाद ढाबा परिसर में आरोपी व सिद्धार्थ जैन का विवाद होने लगा। दोनों के बीच हाथापाई होता देख अभिषेक और अनिकेत बीच बचाव कराने पहुंचे। गंभीर कर मौके से भाग खड़े हुए इसे देख आरोपी युवकों ने अभिषेक व अनिकेत पर वार करना शुरु कर दिया। डंडे व हाथ मुक्के से पिटाई के बाद धारधार चाकू से वार कर दोनों को गंभीर कर मौके से भाग खड़े हुए। घटना के बाद घायल युवकों को चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। मृतक अभिषेक क्रिकेट खेलने निकला था जिला अस्पताल के मरीजों के लिए खाना बनाने वाले अभिषेक दो भाईयों में छोटा है। वह घर से साथियों के साथ क्रिकेट खेलने रायपुर निकला था। वापसी में दुर्ग पहुंचने के बाद खाना खाने अर्जुन ढाबा पहुंचे थे। घायल का एम्स में ऑपरेशन अनिकेत संचेती के पीठ में गंभीर वार है। परिजनों ने अलसुबह अनिकेत को रायपुर एम्स में भर्ती कराया। मंगलवार की सुबह ऑपरेशन के बाद उसे आईसीयू में रखा गया है। समाचार के लिखे जाने तक पुलिस बयान दर्ज नहीं कर पाई थी। जैन समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन अभिषेक का अंतिम संस्कार के बाद जैन समाज के लोग एसपी ऑफिस पहुंचे थे। उनकी में ज्ञापन हेड क्र्वाटर डीएसपी गजेन्द्र सिंह को सौंपा। जैन समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। जैन समाज के लोग इस बात की भी शिकायत कर रहे थे कि उन्होंने रात में पुलिस को आरोपियों की कार नंबर देकर नाकेबंदी कर गिरफ्तार करने की मांग की थी। समाज के लोगों का कहना था कि पुलिस कंट्रोल रुम में सूचना देने के बाद भी उन्हें किसी तरह का आश्वासन नहीं मिला। रिपोर्ट नहीं लिखाने की दी धमकी घटना के प्रत्यक्षदर्शी उज्जवल ने बताया कि हम लोग दो कार से रायपुर क्रिकेट खेलने गए थे। वापसी में भूख लगने लगी थी। रास्ते के सारे ढाबे बंद हो चुके थे। रात लगभग एक बजे हम लोग अर्जुन ढाबा पहुंचे। एक गाड़ी में मै अभिषेक व अनिकेत व अन्य साथी थे। दूसरी गाड़ी में सिद्धार्थ व साथी बैठे थे। 15 मिनट बाद वे जब ढाबा पहुंचे तो देखा कि सिद्धार्थ को स्कोडा सवार रौनक व लक्की मारपीट कर रहे है। आरोपी नशे की हालत में थे। बीच बचाव करने पर लक्की सिद्धार्थ को छोड़ हम लोगों से मारपीट करने लगे। घटना के बाद आरोपी ढाबा से जाते जाते धमकी दी कि अगर उन्होंने रिपोर्ट लिखवाई तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। एक ही कॉलेज में पढ़ते थे आरोपी व मृतक आरोपी रौनक दुबे व लक्की शर्मा गंज पारा क्षेत्र के रहने वाले है। मृतक अभिषेक और लक्की दोनों सेठ रतनचंद सुराना कॉलेज में साथ पढ़ते थे। पुलिस को जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक लक्की कुछ माह से क्षेत्र में उपद्रव मचा रहा था। दो दिन पहले गंजपारा में मारपीट को अंजाम दिया था। कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मुचलके पर रिहा कर दिया था। इसके बाद उसने पुराना बस स्टैंड में देर रात गाली गलौच कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। नहीं होती ढाबे की जांच नेहरु नगर अंजोरा बायपास मार्ग स्थित अर्जुन ढाबा में शराब के नशे में युवक खाना खाने देर रात आते जाते हैं। वहां से वापसी के दौरान कई युवक रास्ते में मारपीट व उठागिरी की वारदात को अंजाम देते हैं। इसके बाद भी अल सुबह तक चलने वाले इस ढाबा की ओर पुलिस झांकती तक नहीं। तीन वर्ष पहले इसी ढाबा से पांच सौ मीटर की दूरी पर बघेरा निवासी एक परित्यक्ता महिला की हत्या हुई थी। देर शाम नहीं लौटने पर खोजबीन की गई तब महिला की हत्या का खुलासा हुआ। पड़ोसी जिलों व राज्यों से आकर पढ़ाई करने वाले छात्र बड़ी संख्या में देर रात अर्जुन ढाबा पहुंचते हैं।