bell-icon-header
धौलपुर

स्मॉग के साथ धूल दे रही तकलीफ, उड़ते हैं धूल के गुब्बार

– शहर में अधिकतर प्रमुख मार्ग मिट्टी से अटे पड़े

धौलपुरNov 18, 2023 / 05:50 pm

Naresh

स्मॉग के साथ धूल दे रही तकलीफ, उड़ते हैं धूल के गुब्बार

धौलपुर. दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के साथ आसपास के इलाकों में इन दिनों स्मॉक बरकरार है। सुबह के समय धुंध कम स्मॉग अधिक दिख रही है। धुंध छंट जाती है लेकिन स्मॉग सुबह से शाम तक स्थिर बनी हुई है। स्मॉग बढ़ाने में धूल के गुब्बार भी अपनी जमकर भागीदारी निभा रहे हैं। नगर परिषद क्षेत्र में ये गुब्बार सुबह से शाम तक देखने को मिल जाएंगे। सुबह नगर परिषद सफाई कर्मी मुख्य सडक़ों पर सफाई करते हैं तो धूल के गुब्बार आसमां में छा जाते हैं। इसकी वजह सडक़ किनारे मिट्टी के लगे ढेर है।
जिन्हें उठाने का कोई श्रम नहीं किया जा रहा है। ये ढेर लगातार सडक़ पर ही हैं और हल्का तेज वाहन निकलने पर पीछे की तरफ धूल के गुब्बार आमजन को परेशान करते हैं। उधर, शुक्रवार को धौलपुर शहर का स्मॉग 230 से अधिक दर्ज हुआ। पिछले तीन दिन से स्मॉग का स्तर दो सौ से ऊपर ही बना हुआ है।
सफाई व्यवस्था रामभरोसे, नहीं कोई निगरानी

शहर में सफाई कार्य रामभरोसे बना हुआ है। कई स्थानों पर कचरे के ढेर लगे हुए हैं। वहीं, कई स्थानों पर सफाई कर्मी कचरे को एकत्रित कर छोड़ जाते हैं जो बाद में इधर-उधर फैलता रहता है। वहीं, सफाई कार्य को लेकर उचित निगरानी नहीं होने से सफाई कर्मी बीच-बीच में खानापूर्ति कर लापता हो जाते हैं। भुगतना आमजन को पड़ रहा है। वहीं, शिकायत करने पर सफाईकर्मी चुनाव प्रक्रिया में ड्यूटी लगाने का हवाला देकर स्वयं को व्यस्त बताते हैं।
सुबह-शाम बढ़ी सर्दी, न्यूनतम और लुढक़ा

उधर, सर्दी के तेवर लगातार तीखे हो रहे हैं। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज हुआ। जबकि अधिकतम भी गिरकर 27 डिग्री पहुंच गया। दिवाली के बाद सर्दी बढ़ी है। सुबह के समय लोग गर्म वस्त्र पहन कर निकलते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, धूल की तपिश भी हल्की होती जा रही है। अब पहले की तरह ये परेशान नहीं कर रही है।

Hindi News / Dholpur / स्मॉग के साथ धूल दे रही तकलीफ, उड़ते हैं धूल के गुब्बार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.