bell-icon-header
देवास

38.12 करोड़ से बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, जाम से मिलेगी मुक्ति

मिश्रीलाल नगर और चाणक्यपुरी के बीच बनाया जाएगा
 

देवासFeb 03, 2024 / 10:48 pm

rishi jaiswal

38.12 करोड़ से बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, जाम से मिलेगी मुक्ति

देवास. शहर के मिश्रीलाल नगर व चाणक्यपुरी के बीच रेलवे लाइन पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज को शासन की सैद्धांतिक व प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही ब्रिज निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। संभावना है कि आने वाले दो-तीन माह में ब्रिज के लिए कार्य शुरू हो जाएगा। प्रस्तावित 700 मीटर लंबे ब्रिज का निर्माण 38.12 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। ब्रिज की चौड़ाई 12 मीटर रहेगी। ब्रिज बनने से क्षेत्र के लोगों को चाणक्यपुरी रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के पूर्व ब्रिज के लिए स्वीकृति मिली थी। चुनाव के बाद अब इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है।
दोनों ओर सर्विस रोड भी बनेंगे

ब्रिज निर्माण के साथ ही ब्रिज के दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा। ब्रिज निर्माण के दौरान रेलवे पटरी के ऊपरी हिस्से में रेलवे द्वारा निर्माण किया जाएगा। यहां पटरी के ऊपरी हिस्से में गर्डर डाली जाएगी। इसके बाद अन्य इंतजाम कर ब्रिज का हिस्सा बनेगा। इसके अलावा दोनों ओर का निर्माण सेतु निगम द्वारा किया जाएगा। सेतु निगम द्वारा ब्रिज के टेंडर जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
जमीन का होना है अधिग्रहण भी

उल्लेखनीय है कि जिस हिस्से में ब्रिज निर्माण किया जाना है उसमें कुछ शासकीय व निजी भूमि भी आ रही है। सेतु निगम द्वारा इनका अधिग्रहण करने की तैयारी की जाएगी। पटरी के चाणक्यपुरी वाले हिस्से में वनविभाग के कर्मचारियों के क्वार्टर बने हुए हैं। इनमें से कुछ क्वार्टर भी ब्रिज की जद में आएंगे। ब्रिज, सर्विस रोड व नाली के लिए कुल 30 मीटर चौड़ी जगह ली जाएगी। इसमें 12 मीटर का ब्रिज, सात-सात मीटर के सर्विस रोड व नाली का निर्माण होगा।
क्रॉसिंग के झंझट से मिलेगी राहत

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में मिश्रीलाल नगर से चाणक्यपुरी की ओर जाने के लिए चाणक्यपुरी क्रॉसिंग पार करना पड़ता है। दिनभर में कई ट्रेने व मालगाडि़यां निकलने के चलते यहां अकसर क्राॅसिंग बंद रहता है। क्रॉसिंग खुलने के बाद यहां कई बार जाम भी लगता है। ब्रिज बनने से लोगों को आने-जाने में आसानी होगी। वहीं एमआर-1 व एमआर-8 सीधे जुड़ जाएंगे। लोग सीधे उज्जैन रोड से इंदौर रोड पर जा सकेंगे।
-मिश्रीलाल नगर व चाणक्यपुरी के बीच प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।-रविंद्र कटारिया, एसडीओ, सेतु निगम

Hindi News / Dewas / 38.12 करोड़ से बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, जाम से मिलेगी मुक्ति

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.