bell-icon-header
दमोह

अपहृत किशोरी को तीन लाख में बेचा

दमोह से दंपती गिरफ्तार दमोह. जिले से अपहृत किशोरी को आरोपियों ने राजस्थान में बेच दिया था। पुलिस ने किशोरी का सौदा करने वाले दंपती को दमोह से गिरफ्तार किया है। उनको पूछताछ के लिए रीवा लाया गया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से नवम्बर 2023 में एक किशोरी गायब हो गई थी। उसके अपहरण […]

दमोहOct 02, 2024 / 06:25 pm

हामिद खान

दमोह से दंपती गिरफ्तार

दमोह से दंपती गिरफ्तार
दमोह. जिले से अपहृत किशोरी को आरोपियों ने राजस्थान में बेच दिया था। पुलिस ने किशोरी का सौदा करने वाले दंपती को दमोह से गिरफ्तार किया है। उनको पूछताछ के लिए रीवा लाया गया है।
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से नवम्बर 2023 में एक किशोरी गायब हो गई थी। उसके अपहरण का मामला थाने में दर्ज था। पुलिस लगातार किशोरी की तलाश कर रही थी। इस बीच संदेही रवीन्द्र कोरी निवासी रतहरा को पुलिस ने पकड़ा तो आरोपी ने किशोरी को राजस्थान में बेचने की जानकारी दी। आरोपी पीडि़ता को काम दिलाने के बहाने बहला फुसलाकर अपने साथ सूरत भगा ले गया था। वहां प्राइवेट कंपनी में रखकर काम करवाता था। सूरत में उक्त आरोपी की मुलाकात कल्लू सिंह व उसकी पत्नी मीरा देवी से हुई, जिन्होंने किशोरी को बेचने की साजिश रची। आरोपियों ने उसे राजस्थान के जालौर जिले में रहने वाले उत्तम सिंह को तीन लाख रुपए में बेच दिया और उसके साथ किशोरी की शादी करवा दी। शादी के नाम पर आरोपी लगातार एक साल तक किशोरी का शारीरिक शोषण करता रहा। आरोपी के खुलासे के बाद पीडि़ता को बरामद करने के लिए पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने तत्काल टीम गठित कर दी, जिसे राजस्थान के जालौर शहर भेजा गया। जालौर में पुलिस ने आरोपी उत्तम सिंह के घर में दबिश दी तो वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उनके घर से पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया, जिसको सकुशल वापस अपने घर लेकर आई है। उसके बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपहरण, बलात्कार व मानव दुव्र्यापार का मामला दर्ज किया है।
नकली रिश्तेदार बन करवाई शादी

आरोपियों ने नकली रिश्तेदार बनकर किशोरी की शादी करवाई थी। आरोपी रवींद्र कोरी लड़की का सगा भाई बन गया था। कल्लू सिंह व उसकी पत्नी मीरा देवी लड़की के माता-पिता बन गए और उन्होंने किशोरी की शादी उत्तम सिंह से करवा दी। इसके बदले उससे तीन लाख रुपए ले लिए, जिसे आपस में बांट लिया।
10 हजार का इनामी है दंपती

किशोरी को बेचने वाले आरोपी कल्लू सिंह व पत्नी मीरा देवी की पुलिस को दमोह जिले के बटियागढ़ में छिपे होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम दमोह जिला भेजी गई और दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों को रीवा लाकर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया। मामले में अब आरोपी उत्तम सिंह व उसके साथी फरार हैं।
एक किशोरी के अपहरण का मामला सिटी कोतवाली थाने में दर्ज था। उसका अपहरण कर आरोपियों ने राजस्थान के जालौर में तीन लाख रुपए में बेचा था। नकली रिश्तेदार बनकर आरोपियों ने उसकी 15 साल की उम्र में शादी करवा दी। पीडि़ता को सकुशल बरामद कर उसको बेचने वाले दंपती को दमोह जिले से गिरफ्तार किया गया है। जांच में जिनके नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी।
-विवेक सिंह, एसपी रीवा

Hindi News / Damoh / अपहृत किशोरी को तीन लाख में बेचा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.