bell-icon-header
क्राइम

मुंबई में सोने की बड़ी तस्करी नाकाम, 33 kg सोना जब्त, 2 विदेशी महिला गिरफ्तार

Mumbai Airport : मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम ने 19.15 करोड़ रुपये कीमत का 32.79 किलोग्राम सोना जब्त किया है।

मुंबईJun 11, 2024 / 07:07 pm

Dinesh Dubey

Gold Smuggling : मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 19 करोड़ों रुपये की सोने की तस्करी नाकाम की है और दो विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि नैरोबी की दो महिलाओं को 19.15 करोड़ रुपये मूल्य की 32.79 किलो सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
कस्टम की एयर इंटेलिजेंस यूनिट के अधिकारियों ने बताया कि तस्करी का सोना आरोपियों ने अपने अंडरगारमेंट्स और सामान में छिपाया था। अधिकारियों ने कहा कि दोनों को महिलाओं को अलग-अलग पकड़ा गया, हालांकि दोनों एक ही गोल्ड तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा हैं।
पहले मामले में अधिकारियों ने जब अंजल आब्दी काला (26) की तलाशी ली तो उनके अंडरगारमेंट्स में सोने के 8 टुकड़े मिले और एक बैग में चार पाउच में 20 सोने के टुकड़े टेप में लपेटे हुए थे। सोने के 28 टुकड़ों का वजन 11.308 किलो है और कीमत 6.60 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इसके बाद, उसी फ्लाइट से आई अन्य महिला यात्री सईदा हुसैन (24) के सामान की तलाशी ली गई तो बड़ी चतुराई से छुपाए गए सोने के 61 टुकड़े बरामद हुए। जब्त किए गए सोने का कुल वजन करीब 21.48 किलोग्राम है, जिसकी कीमत 12.54 करोड़ रुपये है।  
दोनों विदेशी महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें कस्टम कोर्ट के समक्ष पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

आरोपी महिलाओं ने क्या कहा?

काला के वकील प्रभाकर त्रिपाठी ने कहा, अंजल काला आठ महीने की गर्भवती है। उन्हें फंसाया गया है। सईदा हुसैन ने उससे सामान ले जाने में मदद मांगी थी और उसकी मदद करने की वजह से वह फंस गई। उसका पकड़े गए सोने से लेनादेना नहीं है।
वहीँ, सईदा के वकील विजय अडवानी ने दावा किया कि उसे झूठा फंसाया गया है। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने सोने को अपना मानने से इनकार कर दिया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है। अधिकारी फिलहाल इस बात की जांच कर रहे हैं कि आरोपियों को सोना किसने सप्लाई किया था और इसे मुंबई में किस तक पहुंचाया जाने वाला था।

Hindi News / Crime / मुंबई में सोने की बड़ी तस्करी नाकाम, 33 kg सोना जब्त, 2 विदेशी महिला गिरफ्तार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.