bell-icon-header
छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा के रण में कमलनाथ, भाजपा के बंटी साहू से होगा आमना-सामना

MP Elections 2023 : कांग्रेस की पहली सूची में सात में से एक विधानसभा सीट पर प्रत्याशी घोषित…

छिंदवाड़ाOct 16, 2023 / 09:56 am

Sanjana Kumar

शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पहली सूची जारी कर दी। विधानसभा की 230 में 144 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। सूची में सबसे बड़ा नाम पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का है। उन्हें छिंदवाड़ा से विधानसभा प्रत्याशी बनाया गया है। यह दूसरा मौका है जब कमलनाथ छिंदवाड़ा विधानसभा से विधायक का चुनाव लडऩे जा रहे हैं। इससे पहले वह 2019 का विधानसभा उपचुनाव लड़ा था। उन्होंने भाजपा के जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू को 25 हजार से अधिक वोटों से शिकस्त दी थी। इस बार भी कमलनाथ का विवेक बंटी साहू से मुकाबला होगा। 2019 के उपचुनाव में कमलनाथ को कुल 1,14,459 वोट मिले थे। वहीं, उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के उम्मीदवार विवेक बंटी साहू को 88,622 वोट मिले थे। कमलनाथ ने बंटी साहू को 25,837 वोट से चुनाव हराया था, जबकि यहां पर नोटा को कुल 2027 वोट मिले थे।

छिंदवाड़ा विधानसभा सीट पर पिछले कुछ वर्षों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर रही है। 1972 से 1993 तक कांग्रेस का दबदबा रहा। 1990 में थोड़ी रुकावट आई जब भाजपा ने यह सीट जीत ली। कांग्रेस के दीपक सक्सेना ने 1993 में इस सीट पर दोबारा कब्जा किया। 2008 और 2018 में भी जीत हासिल की। इससे पहले 2013 में भाजपा के चंद्रभान सिंह चौधरी ने जीत हासिल की।

अटकलों पर लगा विराम

छिंदवाड़ा विधानसभा को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही थीं। यह बात भी सामने आ रही थी कमलनाथ की पुत्रवधू प्रियानाथ छिंदवाड़ा से विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं। वह काफी दिनों से छिंदवाड़ा में सक्रिय भी हैं। हालांकि रविवार को अटकलों पर विराम लग गया।

 

छह विधानसभा में दावेदारों को करना होगा इंतजार

कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची में छिंदवाड़ा और पांढुर्ना जिले की सात विधानसभा में से सिर्फ छिंदवाड़ा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी का नाम घोषित किया गया है। शेष 6 सीटों पर आलाकमान ने प्रत्याशियों के नामों पर मुहर नहीं लगाई है। ऐसे में सौंसर, पांढुर्ना, परासिया, जुन्नारदेव, चौरई, अमरवाड़ा विधानसभा में टिकट के दावेदारों को इंतजार करना होगा। बताया जाता है कि कांग्रेस इस बार कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहती है। इसलिए हर सीट पर सोच समझकर प्रत्याशी उतार रही है।

दूसरी बार विधायक पद के लिए मुकाबला

छिंदवाड़ा विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की तरह विवेक बंटी साहू भी दूसरी बार विधानसभा चुनाव छिंदवाड़ा से लड़ रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 2019 में विधानसभा उपचुनाव लड़ा था। इस चुनाव में वह कमलनाथ से हार गए थे। दोनों के ही बीच में दूसरी बार विधायक पद के लिए मुकाबला होने जा रहा है।

भाजपा के कद्दावर नेता को दी थी शिकस्त

2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने छिंदवाड़ा विधानसभा से दीपक सक्सेना को टिकट दी थी। जिन्होंने भाजपा के कद्दावर नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह को चुनाव हराया था। बाद में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद कमलनाथ ने दीपक सक्सेना से इस्तीफा दिलाकर यहां से पहली बार विधानसभा का उपचुनाव लड़ा था। उन्होंने बीजेपी जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू को हराया और विधायक बने। इस बार भी छिंदवाड़ा से विवेक बंटी साहू को भाजपा ने टिकट दिया है। ऐसे में एक बार फिर विवेक बंटी साहू और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आमने-सामने होंगे।

ये भी पढ़ें : यादों के झरोखे से…स्टार प्रचारक कार्यकर्ताओं के घर खाते खाना, दरी भी उठा लेते थे उम्मीदवार
ये भी पढ़ें : मनासा व सीतामऊ, मल्हारगढ़ में बाहरी का ट्रेंड, गरोठ-जावरा में स्थानीय पर भरोसा

Hindi News / Chhindwara / छिंदवाड़ा के रण में कमलनाथ, भाजपा के बंटी साहू से होगा आमना-सामना

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.