विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा और कांग्रेस को छोड़कर अन्य पार्टियों को देखें तो आम आदमी पार्टी ने केवल एक सीट बीकानेर पश्चिम पर प्रत्याशी घोषित किए। पार्टी को महज 622 मत मिले हैं। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने सातों सीटों पर प्रत्याशी उतारे। पार्टी को 13 हजार 239 वोट मिले।
हालांकि इससे ज्यादा वोट नोटा को 14 हजार 32 मिले हैं। सीपीआई ने केवल एक सीट श्रीडूंगरगढ़ में प्रत्याशी उतारा और 56 हजार 498 वोट अपने खाते में ले लिए। रालोपा ने पांच सीटों पर प्रत्याशी उतारे और कुल 40 हजार 619 मत प्राप्त किए हैं। सभी निर्दलीय प्रत्याशियों ने मिलकर कुल एक लाख 9 हजार 10 मत प्राप्त किए। जबकि भाजपा और कांग्रेस में वोटों का अंतर भी 98 हजार 649 रहा। जो निर्दलीयों को मिले वोटों के नजदीक ही है।
बीकानेर जिला: भाजपा और कांग्रेस को मिले वोट
पार्टी कुल वोट मत प्रतिशत
भाजपा 582142 43.20
कांग्रेस 483493 35.88
2018: तीन-तीन सीट मिली, अंतर 27 हजार
विधानसभा चुनाव 2018 में भाजपा को जिले में कुल 4 लाख 75 हजार 218 मत मिले थे। पार्टी ने जिले में तीन सीटों पर जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस को 5 लाख 2 हजार 443 वोट मिले थे और तीन सीटें आई थी।
दोनों के मतों में 27 हजार 225 रहा था और सीटों में कोई अंतर नहीं था। विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा को पिछले चुनाव के मुकाबले करीब एक लाख वोट ज्यादा मिले हैं। कांग्रेस को 19 हजार वोट कम मिले हैं।
2024: लोकसभा में कांग्रेस के लिए चुनौती
विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस से करीब एक लाख वोट ज्यादा हासिल किए हैं। करीब पांच महीने बाद लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव के लिहाज से देखें तो कांग्रेस के समक्ष इस अंतर को पाटने की चुनौती है।
हालांकि बीकानेर लोकसभा क्षेत्र में जिले की सातों विधानसभा सीटों के साथ अनूपगढ़ विधानसभा क्षेत्र भी आता है। अनूपगढ़ में कांग्रेस को भाजपा से 37 हजार 888 मत ज्यादा मिले हैं। फिर भी पूरे लोकसभा क्षेत्र के लिहाज से कांग्रेस 60 हजार वोट पीछे हैं।