bell-icon-header
भोपाल

10 लाख लोग जुटे, पांच घंटे में साफ हो गया 46 मीट्रिक टन कचरा

जीरो वेस्ट इवेंट: आलमी तब्लीगी इज्तिमा ने बनाया रिकॉर्ड, देश का पहला ऐसा आयोजन जहां कचरा और वेस्ट मटेरियल नहीं बना समस्या, ननि ने तीन घंटे में साफ किया मैदान, आयोजन खत्म होने के पांच घंटे के भीतर पानी की बॉटल और कचरे को डिस्पोज किया गया।

भोपालNov 22, 2022 / 12:18 pm

deepak deewan

भोपाल. आलमी तब्लीगी इज्तिमा देश का ऐसा पहला आयोजन बन गया है जहां लाखों की भीड़ जमा होने के बाद भी कचरा समस्या नहीं बना। चार दिन के आयोजन में करीब 10 लाख भीड़ जुटी। आयोजन में लगभग 46 मीट्रिक टन सूखा और गीला कचरा निकला। आयोजन खत्म होने के पांच घंटे के भीतर ही यह डिस्पोज कर दिया गया। जिला पंचायत की ओर से इसके लिए आयोजन स्थल पर विशेष प्लांट लगाए गए। जो 24 घंटे लगातार काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि इज्तिमा को दुनिया का सबसे बड़ा आयोजन कहा जाता है. अब ये सबसे बड़ा जीरो वेस्ट आयोजन बन गया है.

ईंटखेड़ी में हुए इस्लामिक आयोजन में देशभर से लोग जमा हुए। चार दिन तक मजहबी तकरीरें चलीं। खाने के 44 स्टॉल लगाए गए थे। यहां से वेस्टेज खाने को खाद में बदला गया। पानी के लिए अधिकांश जगहों पर बॉटल मुहैया कराई गई। रियायती दरों पर होने के कारण इनका खूब उपयोग हुआ। करीब 15 लाख बॉटल यहां से निकली। खाली बॉटल के कचरे को इज्तिमा स्थल पर ही क्रश कर दिया गया। करीब 34 मीट्रिक टन गीला कचरा जमा हुआ। वहीं कॉटन, सूखी पन्नी सहित अन्य को मिला 12 मीट्रिक टन सूखा कचरा निकला। वहीं नगर निगम ने स्थल को 8 सेक्टर में बांटकर 700 कर्मचारी लगाए और तीन घंटे में पूरे स्थल की सफाई कर दी। नोडल अधिकारी राकेश शर्मा ने बताया कि दोपहर 3 बजे से सफाई शुरू हुई और शाम 6 बजे तक पूरा कचरा साफ कर दिया गया। इस दौरान लगभग 80 टन कचरा एकत्रित किया गया। इसे 30 डंपर में भरकर खंती भेजा गया।

पीएचई के सब इंजीनियर वसीउद्दीन ने बताया कि सीवेज ट्रीटमेंट के लिए पांच किमी लंबी लाइन बिछाई गई। आक्सीटेशन पॉण्ड में इसे कलेक्ट कर ट्रीट किया गया। इसके लिए विशेष कल्चर का इस्तेमाल हुआ। पीएचई ने 52 ट्यूबवेल लगाए। 18 किमी पानी की लाइन बिछाई।

Hindi News / Bhopal / 10 लाख लोग जुटे, पांच घंटे में साफ हो गया 46 मीट्रिक टन कचरा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.